Uttarakhand Film Policy 2024: अक्षय कुमार ने CM धामी से की मुलाकात, उत्तराखण्ड फिल्म नीति पर हुई चर्चा

0
9

Akshay Kumar Meets CM Dhami | Uttarakhand Film Policy

अक्षय कुमार ने मुख्यमंत्री धामी से की मुलाकात, उत्तराखण्ड की फिल्म नीति और शूटिंग संभावनाओं पर चर्चा

 

मसूरी और लंढौर में आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रही उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024

 

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को मुख्यमंत्री आवास में बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता अक्षय कुमार ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उत्तराखण्ड की फिल्म नीति, प्रदेश में फिल्म निर्माण की संभावनाओं और राज्य में फिल्म उद्योग को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों मसूरी और लंढौर क्षेत्र में अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड तेजी से देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, विविध भौगोलिक परिस्थितियां और फिल्म निर्माण के अनुकूल वातावरण फिल्म निर्माताओं को आकर्षित कर रहे हैं। राज्य में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग होने से उत्तराखण्ड की पहचान राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हो रही है।

उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 से फिल्म निर्माताओं को मिल रहीं सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा लागू की गई उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने और शूटिंग प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए सरकार की ओर से विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से फिल्म निर्माताओं को शूटिंग की अनुमति प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है। इसके साथ ही फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए अनुदान की व्यवस्था भी की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण के लिए एक पसंदीदा गंतव्य के रूप में विकसित करना है, ताकि अधिक से अधिक फिल्म निर्माता प्रदेश में शूटिंग के लिए आएं और यहां उपलब्ध प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक संसाधनों का लाभ उठा सकें।

स्थानीय कलाकारों और युवाओं के लिए बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण की गतिविधियों को बढ़ावा देना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि फिल्मों की शूटिंग से केवल फिल्म उद्योग को ही लाभ नहीं होता, बल्कि पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन, खानपान और अन्य स्थानीय कारोबारों को भी प्रोत्साहन मिलता है। फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियां बढ़ने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकती है और प्रदेश के पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान मिल सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माण को प्रोत्साहित करने और फिल्म निर्माताओं को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विविधता और बेहतर सुविधाओं के माध्यम से उत्तराखण्ड को देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थलों में शामिल बनाए रखा जाए।