The Beatles Film Shoot in Rishikesh, Uttarakhand
ऋषिकेश के बीटल्स आश्रम में फरवरी 2027 में होगी अंतरराष्ट्रीय फिल्म ‘CLOVER’ की शूटिंग, सीएम धामी से निर्माताओं ने की भेंट
ऑस्कर विजेता निर्देशक सर सैम मेंडेस के निर्देशन में बनेगी ‘द बीटल्स’ के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित फिल्म श्रृंखला
अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज करने की तैयारी, फिल्म शूटिंग से उत्तराखंड में पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग उत्तराखंड में किए जाने को लेकर चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, ‘CLOVER’ नाम से प्रस्तावित फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया, जिसे बीटल्स आश्रम के नाम से भी जाना जाता है, में प्रस्तावित है।
ऑस्कर विजेता निर्देशक सर सैम मेंडेस करेंगे निर्देशन
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध ब्रिटिश फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से तैयार की जा रही इस परियोजना के अंतर्गत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और उनकी संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं।
‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ नामक इस फिल्म श्रृंखला को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की योजना है। इस परियोजना की शूटिंग ऋषिकेश में होने से उत्तराखंड को अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
250 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और भारतीय क्रू सदस्यों की भागीदारी
ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के शामिल होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों, सहयोगियों और अन्य सेवा प्रदाताओं की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से संबंधित गतिविधियों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ द्वारा किया जा रहा है।
फिल्म परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने के साथ-साथ होटल, परिवहन, खानपान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे स्थानीय कारोबारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और युवाओं को लाभ मिल सकता है।
फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में मजबूत हो रही उत्तराखंड की पहचान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग लोकेशन के कारण देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हो रहा है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाओं को उत्तराखंड की ओर आकर्षित करना है। इससे प्रदेश के स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

बीटल्स आश्रम से उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत को मिलेगी वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश विश्वभर में योग और आध्यात्मिकता की नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान रखता है। विश्वप्रसिद्ध संगीत समूह ‘द बीटल्स’ का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में बीटल्स आश्रम में अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक मंच पर और अधिक पहचान मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजनाएं प्रदेश में विदेशी पर्यटकों की रुचि बढ़ाने के साथ-साथ ऋषिकेश और आसपास के पर्यटन स्थलों को भी नई पहचान दिलाने में सहायक होंगी।
प्रतिनिधिमंडल में अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल
मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।
प्रस्तावित फिल्म परियोजना को उत्तराखंड में अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण, पर्यटन संवर्धन और स्थानीय रोजगार के अवसरों के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




