देहरादून में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग पर बड़ी कार्रवाई, 104 सिलेंडर जब्त, दो गिरफ्तार

0
6

Dehradun LPG Crackdown: 104 Cylinders Seized, 2 Arrested

Dehradun authorities seized 104 LPG cylinders during a crackdown on domestic gas misuse and illegal refilling. Two people were arrested as inspections continue.

देहरादून में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग पर प्रशासन की कार्रवाई, सिलेंडर जब्त; दो गिरफ्तार

 

घरेलू गैस के अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग पर छापेमारी, होटल-रेस्टोरेंट से 10 और छिद्दरवाला में 94 घरेलू एवं व्यावसायिक सिलेंडर जब्त

 

देहरादून।

जनपद देहरादून में घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस के अनधिकृत उपयोग और अवैध गैस रिफिलिंग के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग का सघन जांच अभियान जारी है। त्योहारों के मद्देनजर गैस सिलेंडरों की मांग और आपूर्ति पर निगरानी बढ़ाते हुए विभागीय प्रवर्तन टीमें विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण कर रही हैं। अभियान के तहत घरेलू गैस सिलेंडरों के अनधिकृत उपयोग और अवैध रिफिलिंग के मामलों में कार्रवाई करते हुए सिलेंडर जब्त किए गए हैं तथा दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

होटल-रेस्टोरेंट में छापेमारी, 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

अभियान के क्रम में शनिवार को देहरादून नगर क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं रेस्टोरेंटों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों का अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग पाए जाने पर 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त सिलेंडरों को संबंधित गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में जमा करा दिया गया है।

छिद्दरवाला में अवैध रिफिलिंग के मामले में कार्रवाई, दो गिरफ्तार

छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का कारोबार सामने आने पर प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए 94 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए। मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध रायवाला थाने में प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) दर्ज कराई गई है। मौके से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार भी किया गया है।

घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग और कालाबाजारी पर सख्ती

जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि त्योहारों के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों की मांग एवं उपयोग पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। घरेलू गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल निर्धारित घरेलू प्रयोजनों के लिए ही किया जाना चाहिए। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू सिलेंडरों का अनधिकृत उपयोग, अवैध रिफिलिंग और गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से औचक निरीक्षण एवं जांच अभियान चलाया जाए। साथ ही, गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग करने और अवैध रिफिलिंग के कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग एवं अवैध रिफिलिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में एस.के. (ARO), रजत नेगी तथा पूर्ति निरीक्षक नवीन जुयाल सहित संबंधित विभागीय कार्मिक मौजूद रहे।