देहरादून दिव्यांग रोजगार मेले में 23 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, 16 को वर्क फ्रॉम होम जॉब

0
6

Dehradun Job Fair: 16 Work-from-Home Jobs for Disabled Candidates

Dehradun job fair for persons with disabilities draws over 40 candidates. A total of 23 are shortlisted, while 16 are selected for work-from-home jobs.

देहरादून में दिव्यांग रोजगार मेले में 23 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, 16 को वर्क फ्रॉम होम का अवसर

 

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल, प्रदेशभर से 40 से अधिक अभ्यर्थियों ने लिया प्रतिभाग

 

देहरादून।

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को देहरादून में एक दिवसीय दिव्यांग रोजगार मेले का आयोजन किया गया। सेवा योजन कार्यालय परिसर में दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून ने अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से इस रोजगार मेले का आयोजन किया। मेले में प्रदेशभर से आए 40 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों में साक्षात्कार के बाद 23 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया, जबकि 16 अभ्यर्थियों का वर्क फ्रॉम होम रोजगार के लिए चयन हुआ।

दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के उपनिदेशक डॉ. जैनेद्र कुमार ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षिक योग्यता, कौशल और कार्यक्षमता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर उनकी दक्षता का आकलन किया और विभिन्न पदों के लिए चयन प्रक्रिया संचालित की।

उन्होंने बताया कि वर्क फ्रॉम होम के लिए चयनित अभ्यर्थियों को घर से काम करने का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें अपनी क्षमताओं का उपयोग करने, रोजगार के माध्यम से आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल करने और कार्यक्षेत्र में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

विभिन्न श्रेणियों के दिव्यांग अभ्यर्थियों को प्राथमिकता

रोजगार मेले में चलने-फिरने संबंधी दिव्यांगता, श्रवण बाधित, कम दृष्टि तथा बौद्धिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को विशेष प्राथमिकता दी गई। इस पहल के माध्यम से दिव्यांगजनों के लिए अधिक समावेशी रोजगार अवसर उपलब्ध कराने और उनकी प्रतिभा को उपयुक्त कार्यक्षेत्र से जोड़ने का प्रयास किया गया।

मेले में एडुस्किल सॉल्यूशन, निवा बूपा इंश्योरेंस लिमिटेड सहित बीपीओ क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अलग-अलग पदों के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए और उनकी योग्यता एवं कार्यकुशलता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाई।

अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर दिव्यांगजनों के लिए राष्ट्रीय करियर सेवा केंद्र, देहरादून के पुनर्वास अधिकारी संतोष कुमार सिंह, अमेरिका इंडिया फाउंडेशन के सोहनलाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रोजगार मेले को दिव्यांगजनों के कौशल विकास, रोजगार तक पहुंच और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।