अमित शाह के देहरादून दौरे पर सुरक्षा चाक-चौबंद, परेड ग्राउंड से पुलिस लाइन तक प्रशासन अलर्ट

0
9

Amit Shah Dehradun Visit: Security Tightened for Nov 6

 

अमित शाह के देहरादून दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, परेड ग्राउंड से पुलिस लाइन तक प्रशासन अलर्ट

 

Dehradun administration has finalised security, traffic and crowd management arrangements for Amit Shah’s November 6 visit to the Uttarakhand Foundation Day celebrations.

 

6 नवंबर को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह में शामिल होंगे केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह; सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के लिए अधिकारियों की तैनाती

 

देहरादून, 5 नवंबर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 6 नवंबर को प्रस्तावित देहरादून दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में अमित शाह अपराह्न 12 बजे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। वीवीआईपी दौरे को देखते हुए शहर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

परेड ग्राउंड से लेकर पुलिस लाइन तक सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। कार्यक्रम स्थलों और संबंधित क्षेत्रों को सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न जोन एवं सेक्टर में विभाजित कर अधिकारियों की तैनाती की गई है। जौलीग्रांट एयरपोर्ट, परेड ग्राउंड स्थित अस्थायी हेलीपैड और रिजर्व पुलिस लाइन में भी अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

 

सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों की तैनाती

गृह मंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों और आमजन की सुविधा को भी प्राथमिकता दी गई है।

इसी क्रम में गुरुवार को कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी ऑडिटोरियम में जोनल अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए तैनात ड्यूटी प्रभारियों के साथ बैठक की। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उनके दायित्वों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

सीडीओ ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने और सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी एवं आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए।

 

कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का तत्काल निरीक्षण करने के निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी स्थलों का तत्काल निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और आवश्यकताओं का आकलन करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर इसकी सूचना समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि कार्यक्रम शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा सकें।

प्रशासन ने परेड ग्राउंड में मुख्य मंच, वीआईपी एवं अन्य अतिथि दीर्घाओं, ग्रीन रूम, डाइनिंग और अन्य सुविधाओं के लिए भी अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित की है। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, स्वच्छता, चिकित्सा और अग्निशमन संबंधी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

 

आपसी समन्वय से संपन्न कराया जाएगा कार्यक्रम

मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

प्रशासन का मुख्य उद्देश्य केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के साथ ही राज्य स्थापना दिवस समारोह को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराना है।