Dehradun Pensioners DLC Campaign Till November 30, 2026
देहरादून में पेंशनरों के लिए विशेष अभियान 30 नवंबर तक, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट और पेंशन संबंधी समस्याओं का होगा समाधान
Dehradun Cyber Treasury is running a special DLC Campaign-5 till November 30, 2026, to resolve Digital Life Certificate and pension-related issues.
डीएलसी अभियान-5 के तहत साइबर कोषागार ने शुरू की विशेष पहल, तकनीकी दिक्कतों के समाधान के लिए पेंशनर कार्यदिवसों में कर सकेंगे संपर्क
देहरादून। पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र (Digital Life Certificate-DLC) जमा करने में आ रही तकनीकी परेशानियों से राहत देने और पेंशन से जुड़ी अन्य समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के लिए साइबर कोषागार, देहरादून द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र अभियान-5 के अंतर्गत यह अभियान 30 नवंबर, 2026 तक संचालित होगा।
मुख्य कोषाधिकारी, साइबर कोषागार देहरादून बी.एन. पाण्डेय ने साइबर कोषागार से पेंशन प्राप्त करने वाले सभी पेंशनरों से इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि जिन पेंशनरों को डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र (डीएलसी) जमा करने में तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ रहा है या पेंशन से संबंधित किसी अन्य प्रकार की परेशानी है, वे किसी भी कार्यदिवस में साइबर कोषागार कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इसके लिए पेंशनरों को अपना जीआरडी नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक और स्मार्टफोन साथ लाना अनिवार्य होगा। आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालय पहुंचने पर संबंधित समस्याओं के निराकरण में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इन नंबरों पर भी कर सकते हैं संपर्क
पेंशनरों की शिकायतों के समाधान के लिए साइबर कोषागार देहरादून में उपकोषाधिकारी परमीत सिंह को शिकायत निवारण अधिकारी नामित किया गया है। पेंशनर अपनी समस्याओं के संबंध में मोबाइल नंबर 7500370037 और 7590900090 पर संपर्क कर सकते हैं।
यहां पहुंचे पेंशनर
डीएलसी और पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पेंशनर साइबर कोषागार कार्यालय, 23 लक्ष्मी रोड, डालनवाला, देहरादून में किसी भी कार्यदिवस में उपस्थित हो सकते हैं।
मुख्य कोषाधिकारी ने पेंशनरों से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक संचालित इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने डिजिटल जीवित प्रमाण पत्र तथा पेंशन से संबंधित समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।




