Uttarakhand Foundation Day 2026: CM धामी ने विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का किया विमोचन

0
11

Uttarakhand Foundation Day: CM Dhami Releases Development Booklet

 

राज्य स्थापना दिवस पर CM धामी ने विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का किया विमोचन

 

CM Pushkar Singh Dhami released Uttarakhand’s 2026 development booklet on State Foundation Day, highlighting key achievements and welfare initiatives.

 

विकास पुस्तिका में उत्तराखण्ड की विकास यात्रा, जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत विवरण

 

विकास का वास्तविक उद्देश्य आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा प्रदेश

 

देहरादून। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट, देहरादून में आयोजित समारोह में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान’ का विमोचन किया। इस पुस्तिका में प्रदेश की विकास यात्रा, विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य सरकार की प्रमुख पहलों को विस्तार से प्रस्तुत किया गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह विकास पुस्तिका केवल सरकार की उपलब्धियों का संकलन नहीं है, बल्कि जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही और भविष्य की जिम्मेदारियों का भी महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके माध्यम से प्रदेश की विकास यात्रा और जनहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचेगी।

 

राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान को किया नमन

मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों और अपने प्राणों का बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड का निर्माण लंबे जनसंघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका विशेष रूप से महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश को विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

 

आमजन के जीवन में बदलाव लाना ही विकास का वास्तविक अर्थ

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का मूल्यांकन केवल योजनाओं की संख्या और आर्थिक आंकड़ों से नहीं किया जा सकता। विकास की वास्तविक सफलता तब है, जब उसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिकों के जीवन में दिखाई दे। गांव तक सड़क पहुंचने से स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाएं सुलभ होती हैं, विद्यालयों में आधुनिक संसाधन उपलब्ध होने से बच्चों को बेहतर अवसर मिलते हैं और स्थानीय स्तर पर रोजगार के साधन विकसित होने से पलायन जैसी समस्याओं का समाधान होता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों की कठिनाइयों को कम करना, प्रत्येक परिवार के जीवन स्तर में सुधार लाना और प्रदेश के हर क्षेत्र तक विकास का लाभ पहुंचाना है।

 

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी से विकास को नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई दिशा दे रही हैं।

इसके साथ ही हवाई सेवाओं और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंच आसान हो रही है। बेहतर परिवहन सुविधाओं से पर्यटन, व्यापार, निवेश और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर विकसित हो रहे हैं।

 

स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जा रहा है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार तथा किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर जैसी परियोजनाएं स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों को स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक तकनीक और बेहतर शैक्षणिक संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल सकें।

 

पर्यटन और खेल के क्षेत्र में बढ़ी उत्तराखण्ड की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि जी-20 बैठकों के सफल आयोजन से उत्तराखण्ड को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। वहीं, 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास के माध्यम से पर्यटन गतिविधियों को पूरे वर्ष संचालित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य पर्यटन को स्थानीय आजीविका से जोड़ना है, ताकि होमस्टे संचालकों, छोटे व्यापारियों, स्थानीय युवाओं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को इसका सीधा लाभ मिल सके।

 

निवेश और आर्थिक विकास को मिल रहा प्रोत्साहन

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को नई मजबूती मिली है। निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था का आकार लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये है, जबकि वित्तीय वर्ष 2026-27 का राज्य बजट 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास का लाभ किसानों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे।

 

महिला सशक्तिकरण और रिवर्स पलायन को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सरकार गांवों में बुनियादी सुविधाओं, रोजगार और आजीविका के अवसरों का विस्तार कर रही है, ताकि युवाओं को अपने गांवों में रहकर ही आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर मिल सकें।

 

समान नागरिक संहिता और सख्त कानूनों से नागरिक हितों की सुरक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ-साथ उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है।

उन्होंने कहा कि सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून और अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई जैसे निर्णय राज्य और प्रदेशवासियों के व्यापक हितों को ध्यान में रखकर लिए गए हैं।

 

विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष का विषय जरूर हैं, लेकिन ये भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी देती हैं। प्रत्येक गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के नए अवसर पैदा करने, कृषि को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।

अपने संबोधन के समापन पर मुख्यमंत्री ने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प दोहराया।

 

प्रधानमंत्री का शुभकामना संदेश पढ़ा गया

कार्यक्रम के दौरान महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से उत्तराखण्ड राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी एवं खजान दास, विधायक विनोद चमोली एवं सविता कपूर, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु एवं डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव सूचना शैलेश बगौली, उत्तराखण्ड मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविन्द सिंह बिष्ट, सचिव विनय शंकर पांडेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।