Rudrapur Ranks No. 1 in Clean Himalayan City Category
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26: हिमालयी राज्यों में रुद्रपुर बना नंबर वन, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में रुद्रपुर नगर निगम को मिला प्रथम राष्ट्रीय पुरस्कार
महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने विज्ञान भवन में राष्ट्रपति से प्राप्त किया सम्मान
पिछली बार 467वीं रैंक से सुधार कर 169वीं रैंक पर पहुंचा था रुद्रपुर, इस बार हासिल किया हिमालयी राज्यों में पहला स्थान
रुद्रपुर। स्वच्छता के क्षेत्र में रुद्रपुर नगर निगम ने एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल करते हुए उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत रुद्रपुर को क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि के लिए नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। महापौर विकास शर्मा और नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पांडे ने राष्ट्रपति के हाथों यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया।
राष्ट्रीय स्तर के इस समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, केंद्रीय सचिव सत्येंद्र सिंह, केंद्रीय सचिव दीपा धारा सहित विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करना रुद्रपुर के साथ-साथ पूरे उत्तराखंड के लिए गौरवपूर्ण क्षण रहा।
व्यापक स्वच्छता प्रबंधन ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान
स्वच्छ सर्वेक्षण में शहरों का मूल्यांकन केवल सड़कों और सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई के आधार पर नहीं किया जाता, बल्कि संपूर्ण स्वच्छता व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन, नागरिक सहभागिता और सफाई व्यवस्था के प्रभावी संचालन को भी प्रमुखता से परखा जाता है।
क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में रुद्रपुर को मिली पहली रैंक शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए गए प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है। इसके तहत घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, कचरे का वैज्ञानिक प्रसंस्करण और निस्तारण तथा खुले में कूड़ा फेंकने की प्रवृत्ति पर नियंत्रण जैसे महत्वपूर्ण मानकों का मूल्यांकन किया जाता है।
इसके अलावा बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक क्षेत्रों और प्रमुख स्थानों की स्वच्छता, जनजागरूकता अभियान, नागरिकों की सक्रिय भागीदारी तथा सफाई मित्रों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण को भी विशेष महत्व दिया जाता है। नगर निगम की ओर से किए गए कार्यों के दस्तावेजीकरण, अभिलेखों और धरातल पर उनके क्रियान्वयन का सत्यापन भी सर्वेक्षण प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है।
इन विभिन्न मानकों पर किए गए कार्यों के आधार पर रुद्रपुर ने क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी स्वच्छता व्यवस्था को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
467वीं से 169वीं रैंक तक का सफर, अब हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान
पुरस्कार प्राप्त करने के बाद महापौर विकास शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि हिमालयी राज्यों में रुद्रपुर नगर निगम को प्रथम स्थान मिलना केवल नगर निगम की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे शहर और उत्तराखंड प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह सम्मान नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
महापौर ने बताया कि पिछले स्वच्छता सर्वेक्षण में रुद्रपुर नगर निगम ने राष्ट्रीय रैंकिंग में उल्लेखनीय सुधार करते हुए 467वें स्थान से 169वें स्थान तक का सफर तय किया था। इस बार नगर निगम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए क्लीन हिमालयन सिटी श्रेणी में हिमालयी राज्यों के बीच प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। इस अभियान में सफाई मित्रों का योगदान सबसे महत्वपूर्ण है। उनके अथक परिश्रम, समर्पण और नागरिकों के सहयोग से ही शहर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के प्रयास सफल हो रहे हैं।
पुरस्कार के बाद जिम्मेदारी और बढ़ी, स्वच्छता अभियान को मिलेगी नई गति
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त इस सम्मान से नगर निगम की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। अब लक्ष्य इस उपलब्धि को बनाए रखने के साथ ही स्वच्छता के निर्धारित मानकों को और बेहतर बनाना है। इसके लिए शहर के प्रत्येक वार्ड, मोहल्ले, बाजार और सार्वजनिक स्थल को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में रुद्रपुर के सर्वांगीण विकास और शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयास नगर निगम को भी नई ऊर्जा और दिशा प्रदान कर रहे हैं।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान एक नई शुरुआत है। नगर निगम का उद्देश्य केवल पुरस्कार हासिल करना नहीं, बल्कि स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी और प्रभावी बनाना, नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा रुद्रपुर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर के रूप में स्थापित करना है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों प्राप्त यह सम्मान रुद्रपुर के नागरिकों की सहभागिता, सफाई मित्रों के अथक परिश्रम और नगर निगम के निरंतर प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। हिमालयी राज्यों में प्रथम स्थान हासिल कर रुद्रपुर ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।




