उत्तराखण्ड में SSR शुरू, 72.78 लाख मतदाताओं की ड्राफ्ट सूची जारी; 11 दिसंबर तक दर्ज कराएं दावे-आपत्तियां

0
15

Uttarakhand Voter List 2026: Draft Roll Released, SSR Begins

 

उत्तराखण्ड में SSR की शुरुआत, 72.78 लाख मतदाताओं के नाम वाली ड्राफ्ट सूची जारी

 

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) | उत्तराखण्ड | 13 नवंबर 2026

  • 12 नवंबर को प्रकाशित हुई ड्राफ्ट मतदाता सूची, प्रदेश में कुल 72,78,035 मतदाता शामिल

  • 11 दिसंबर 2026 तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

  • 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन

  • 4 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

     

देहरादून। उत्तराखण्ड में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision-SSR) अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के तहत 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर तैयार ड्राफ्ट मतदाता सूची 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित कर दी गई है। प्रदेश के मतदाता अब इस सूची में अपना नाम और विवरण जांच सकते हैं तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची में उत्तराखण्ड के कुल 72,78,035 मतदाताओं को शामिल किया गया है। इनमें 34,84,447 महिला मतदाता, 37,93,373 पुरुष मतदाता और 215 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इसके अतिरिक्त प्रदेश में कुल 86,028 सर्विस मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 83,352 पुरुष और 2,676 महिला मतदाता हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों के पुनर्गठन के बाद प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 12,498 हो गई है।

 

विशेष अभियान में 1.25 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम जोड़े गए

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में प्रदेश में 4 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान 1,25,216 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में शामिल किए गए। वहीं, फॉर्म-7 के माध्यम से प्राप्त 6,130 आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।

 

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से देख सकेंगे मतदाता सूची

ड्राफ्ट मतदाता सूची को भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.voter.eci.gov.in और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड की वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर ऑनलाइन देखा जा सकता है।

 

इसके अलावा मतदाता अपने संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO), निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) कार्यालय और बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से भी सूची का अवलोकन कर सकते हैं। ड्राफ्ट मतदाता सूची की सॉफ्ट कॉपी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई है, जबकि जनपद स्तर पर इसकी हार्ड कॉपी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

 

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा भी करा सकेंगे पंजीकरण

डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि ऐसे युवा जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं और अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए हैं, वे फॉर्म-6 भरकर मतदाता के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं। इसके अलावा ऐसे पात्र नागरिक, जिनके नाम किसी कारणवश ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं, वे भी आवेदन कर सकते हैं।

इसके लिए 11 दिसंबर 2026 तक अपने बीएलओ के माध्यम से ऑफलाइन आवेदन जमा किया जा सकता है। वहीं, भारत निर्वाचन आयोग के ECINET ऐप के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरने की सुविधा भी उपलब्ध है।

 

4 जनवरी 2027 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन

निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक ड्राफ्ट मतदाता सूची पर दावे एवं आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। प्राप्त दावों और आपत्तियों का 28 दिसंबर 2026 तक निस्तारण एवं सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

 

SIR के बाद अब SSR में 72.78 लाख मतदाता

गौरतलब है कि उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 की प्रक्रिया के बाद 3 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई थी। उस समय प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाता दर्ज थे। इनमें 34,21,036 महिला, 37,37,701 पुरुष और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।

अब विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत प्रकाशित ड्राफ्ट सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 72,78,035 हो गई है। इस प्रकार पिछली अंतिम सूची की तुलना में ड्राफ्ट सूची में 1,19,086 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे।