Census 2027: Self-Enumeration and Door-to-Door Survey Dates
जनगणना-2027: 16 से 30 नवंबर तक होगी स्व-गणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे जनगणना कर्मी
Census 2027 self-enumeration will take place from November 16–30, 2026, followed by door-to-door household data collection from December 1 to January 4.
देहरादून। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत उत्तराखंड में जनगणना की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी। इसके अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कार्मिक घर-घर जाकर जनगणना संबंधी जानकारी एकत्र करेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशों के अनुपालन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण को व्यवस्थित, प्रभावी और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
जिला जनगणना अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना की प्रक्रिया और स्व-गणना की सुविधा के संबंध में आमजन को व्यापक स्तर पर जागरूक किया जाए। इसके लिए लोगों को निर्धारित तिथियों और स्व-गणना के महत्व की जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। व्यापक जनजागरूकता और जनसहभागिता के माध्यम से जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में मदद मिलेगी।
जनगणना-2027 का कार्यक्रम:
- 16 से 30 नवंबर 2026: स्व-गणना (Self Enumeration)
- 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027: जनगणना कार्मिकों द्वारा घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करना।




