Netra Kumbh 2027: 10,000 Eye Surgeries Target | CM Dhami
हरिद्वार कुंभ-2027 में 45 दिवसीय नेत्र महाकुंभ, डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की होगी मुफ्त जांच; 10 हजार ऑपरेशन का लक्ष्य
Netra Kumbh 2027 will be held during Haridwar Kumbh from January 12 to February 25, targeting 150,000 free eye check-ups, one lakh spectacles and 10,000 eye surgeries.
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, पटेलनगर के सभागार में आयोजित नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने नेत्र कुंभ के आयोजन से जुड़ी संस्था ‘सक्षम’ और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा, सामाजिक सहभागिता और परोपकार की भारतीय सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ाने वाला महत्वपूर्ण अभियान बताया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिद्वार कुंभ-2027 के अवसर पर 12 जनवरी से 25 फरवरी तक 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर के माध्यम से डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख लोगों को मुफ्त चश्मे वितरित करने और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके साथ ही जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री ने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि नेत्र कुंभ-2027 को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों से भी इस जनसेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।
नर सेवा ही नारायण सेवा, नेत्र कुंभ इसी भावना का प्रतीक: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ केवल आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का महापर्व नहीं है, बल्कि यह सेवा, सहयोग और परोपकार की भावना को भी मजबूत करता है। भारतीय संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है और नेत्र कुंभ इसी महान सेवा भावना को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने कहा कि आज भी आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की सीमित उपलब्धता के कारण अनेक लोग समय पर आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना अत्यंत सराहनीय पहल है। आंखों का उचित उपचार न केवल व्यक्ति की दृष्टि बेहतर बनाता है, बल्कि उसके जीवन की गुणवत्ता, आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास में भी वृद्धि करता है।
प्रयागराज कुंभ-2019 से शुरू हुई नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा
मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस अभियान का आयोजन किया गया। इन शिविरों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई और हजारों जरूरतमंदों के नेत्र ऑपरेशन किए गए। हरिद्वार में वर्ष 2027 में प्रस्तावित नेत्र कुंभ इस सेवा अभियान को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाएगा।
भव्य, दिव्य और सुरक्षित कुंभ के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ तैयारियां कर रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुगम यातायात, पैदल आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुंभ में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस महापर्व के सफल आयोजन में सरकारी व्यवस्थाओं के साथ-साथ सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल और महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




