UTTARAKHAND: देवभूमि अब बन रही है खेलभूमि: धामी

0
8

डीएसए मैदान को बनाया जाएगा मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर, फ्लैट्स मैदान में स्थापित होंगी हॉकी टर्फ व बॉक्सिंग रिंग। 

नैनीताल — मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को नैनीताल स्थित डीएसए मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में प्रतिभाग करते हुए राज्य को खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर ले जाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने घोषणा की कि डीएसए मैदान को आधुनिक खेल सुविधाओं से युक्त एक मॉडल स्पोर्ट्स सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा, जहाँ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं व प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैनीताल में वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी और फ्लैट्स मैदान में अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी टर्फ तथा बॉक्सिंग रिंग स्थापित की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फ्लैट्स मैदान का उपयोग केवल खेल एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए होगा; व्यावसायिक गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा ताकि स्थानीय खिलाड़ियों के हित सुरक्षित रह सकें।

धामी ने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड अब खेलभूमि के रूप में भी सशक्त रूप से उभर रही है। खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीमवर्क और संघर्ष जैसे जीवन मूल्यों को भी सुदृढ़ करते हैं।” उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों से देश में खेल संस्कृति को नया आधार मिला है और भारत वैश्विक खेल मंचों पर नई पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में राज्य के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। नैनीताल और हल्द्वानी में इन खेलों के अंतर्गत सात राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया।

धामी ने यह भी जानकारी दी कि राज्य सरकार स्पोर्ट्स लिगेसी प्लान लागू करने जा रही है, जिसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना की जाएगी। इन अकादमियों में हर वर्ष सैकड़ों खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण मिलेगा।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हल्द्वानी में राज्य का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की जा रही है। सरकार द्वारा लागू नई खेल नीति के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी प्रदान की जा रही है।

खिलाड़ियों के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री खेल विकास नीति, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदयमान खिलाड़ी योजना, खेल किट योजना जैसी योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू किया गया है। इसके साथ ही उत्तराखंड खेल रत्न और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार जैसे सम्मान भी प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रदान किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, विधायक सरिता आर्या (नैनीताल), राम सिंह केड़ा (भीमताल), फकीर राम टम्टा (गंगोलीहाट), मंडी अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू, राज्य दर्जा मंत्री सुरेश भट्ट एवं दिनेश आर्य, दायित्वधारी दीपक मेहरा, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, अजय वर्मा (महापौर, अल्मोड़ा), महिला मोर्चा भाजपा की प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा, कार्यक्रम आयोजक मोहित आर्या, शांति मेहरा, अधिवक्ता शिवांशु जोशी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन की ओर से कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, डीआईजी कुमाऊं रिद्धिमा अग्रवाल, जिलाधिकारी वंदना सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा, उप जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।