मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल 24 दिसंबर से, रजत जयंती वर्ष में होगा भव्य आयोजन

0
9

मसूरी विंटर लाइन कार्निवाल 24–29 दिसंबर: रजत जयंती वर्ष में होगा भव्य आयोजन

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा

देहरादून: उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष पर मसूरी में होने वाला विंटर लाइन कार्निवाल 2025 इस बार और अधिक आकर्षक और भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। 24 से 29 दिसंबर तक प्रस्तावित इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मंगलवार को राजपुर रोड स्थित मंथन सभागार में मसूरी महोत्सव समिति और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

मंत्री ने बताया कि इस बार कार्निवाल को 26 दिसंबर की परंपरागत तिथि से दो दिन पहले शुरू किया जा रहा है। यह निर्णय उत्तराखंड राज्य आंदोलन के प्रणेता इंद्रमणि बडोनी की 100वीं जयंती को विशेष रूप से समर्पित करते हुए लिया गया है। कार्निवाल का हर दिन किसी महान विभूति को समर्पित रहेगा। 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर विशेष आयोजन होंगे। शहीदों, पद्मश्री सम्मानित व्यक्तित्वों, प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड और राज्य की अन्य महान हस्तियों के नाम पर भी विभिन्न दिवस समर्पित किए जाएंगे।

मंत्री जोशी ने बताया कि इस बार कार्निवाल को एक स्थान तक सीमित न रखकर गांधी चौक, शहीद स्थल, पिक्चर पैलेस, लंढौर चौक, टाउन हॉल सहित कई प्रमुख स्थलों पर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने समिति को मसूरी महोत्सव का ब्राउज़र शीघ्र तैयार करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि महोत्सव में स्थानीय कलाकारों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि पर्यटकों को उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का अनुभव मिल सके। महोत्सव के दौरान खेल एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं, स्टार गेज़िंग, ट्रैकिंग, विंटर लाइन व्यूइंग, रॉक क्लाइंबिंग, आईटीबीपी बैंड प्रस्तुति, फोटोग्राफी प्रतियोगिता सहित कई आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

मंत्री ने निर्देश दिए कि कार्निवाल के दौरान मसूरी को विशेष रूप से सजाया जाए। शहर के प्रमुख चौक–चौराहों पर लाइटिंग, सौंदर्यीकरण और वॉल पेंटिंग की जाए। इसके साथ ही आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन, एक्सप्रेसवे और अन्य प्रमुख स्थानों पर होर्डिंग लगाकर महोत्सव का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

सड़कों और रैलिंग के सुधारीकरण कार्यों को तेजी से पूरा करने के निर्देश भी संबंधित विभाग को दिए गए। साथ ही वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए वैकल्पिक सड़क के शीघ्र सुधार पर भी जोर दिया गया।
कार्निवाल अवधि में बिजली, पानी, यातायात, पार्किंग, शटल सेवा, सुरक्षा, सफाई और ठंड को देखते हुए अलाव व्यवस्था को सुनिश्चित करने पर भी मंत्री ने विशेष बल दिया।

बैठक में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, प्रदेश संस्कृति प्रकोष्ठ संयोजक राजेंद्र रावत, पूर्व जिला मंत्री सतीश ढौडियाल सहित जिलाधिकारी सविन बंसल, सीडीओ अभिनव शाह, एडीएम केके मिश्रा, एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया, संयुक्त मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल कुमार, एसडीएमए प्रत्यूष सिंह और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।