देहरादून में एलपीजी आपूर्ति पर प्रशासन सख्त, 405 शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय

0
11

Dehradun LPG Supply Update: Control Room Activated, 405 Complaints Registered, 50 Cylinders Seized

देहरादून, 13 मार्च। मुख्यमंत्री के निर्देशन में जिला प्रशासन देहरादून द्वारा एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कंट्रोल रूम को सक्रिय कर दिया गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र में संचालित कंट्रोल रूम के माध्यम से नागरिकों की एलपीजी गैस से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं का लगातार निस्तारण किया जा रहा है।

जिला प्रशासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 405 शिकायतें दर्ज की गईं। कंट्रोल रूम में जिला पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ देहरादून में गैस आपूर्ति कर रही सभी एलपीजी एजेंसियों के प्रतिनिधि भी मौजूद हैं, जो आपूर्ति में आ रही समस्याओं, सिलेंडर उपलब्धता तथा अन्य शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में आज लगभग 11 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को एलपीजी गैस की आपूर्ति की गई है, जबकि अभी लगभग 53 हजार सिलेंडरों का बैकलॉग बना हुआ है। प्रशासन ने मांग के अनुरूप गैस आपूर्ति बढ़ाने के लिए लोड में वृद्धि कर दी है, जिससे उम्मीद है कि कल से बैकलॉग में धीरे-धीरे कमी आएगी।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि आईओसीएल, एचपीसीएल और बीपीसीएल कंपनियां अपने-अपने प्रतिनिधियों को कंट्रोल रूम में नामित करें। ये अधिकारी निर्धारित प्रारूप के अनुसार प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आपदा कंट्रोल रूम में उपस्थित रहेंगे और गैस आपूर्ति व वितरण की अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएंगे। साथ ही गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण और अवैध रिफिलिंग जैसी शिकायतों को दर्ज कर उनका तत्काल समाधान सुनिश्चित करेंगे, ताकि आम नागरिकों में गैस आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की आशंका या भ्रम न रहे।

इस बीच जिला प्रशासन ने गैस की कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी शुरू कर दी है। छापेमारी के दौरान कुल 50 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं।

  • सहस्त्रधारा और नालापानी-लाडपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 12 सिलेंडर जब्त किए गए।

  • ऋषिकेश के खदरी श्यामपुर क्षेत्र में एक वाहन से 37 सिलेंडर बरामद किए गए और दो लोगों को हिरासत में लिया गया

  • विकासनगर क्षेत्र में एक पीजी में छापेमारी कर एक घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किया गया।

प्रशासन द्वारा संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध संग्रहण और अनियमित वितरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।