चैत्र नवरात्र पर सीएम धामी ने किया सामूहिक कन्या पूजन, बेटियों के सम्मान का दिया संदेश

0
7

CM Dhami Kanya Pujan News: नवरात्र में कन्या पूजन, बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण पर जोर

चैत्र नवरात्र पर सीएम धामी ने किया सामूहिक कन्या पूजन, बेटियों के सम्मान और सशक्तिकरण का दिया संदेश

देहरादून।
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को प्रेमनगर स्थित सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित सामूहिक कन्या पूजन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विधिवत कन्याओं का पूजन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रदेशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चैत्र नवरात्र केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि श्रद्धा, भक्ति और संस्कारों के माध्यम से शक्ति की उपासना का महापर्व है। उन्होंने 1100 कन्याओं के सामूहिक पूजन को अत्यंत पुण्य और सौभाग्य का कार्य बताते हुए आयोजन समिति की सराहना की।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में नारी सम्मान को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जैसे मूल्यों को मजबूत करते हैं। भारतीय संस्कृति में कन्या को देवी का स्वरूप माना गया है और शास्त्रों में भी उन्हें विशेष स्थान प्राप्त है। बेटियां अपने संस्कार, स्नेह और त्याग से परिवार और समाज को सशक्त बनाती हैं तथा हमारी संस्कृति और परंपराओं की सशक्त वाहक हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर समाज से आह्वान किया कि हर बेटी को शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान का अधिकार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकारें बेटियों के सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।

उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि बेटियों की शिक्षा और प्रोत्साहन के लिए छात्रवृत्ति, कक्षा 9 में प्रवेश पर साइकिल वितरण, 12वीं उत्तीर्ण करने पर प्रोत्साहन राशि तथा सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाएं लागू की गई हैं।

इसके साथ ही पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की बेटियों के सामूहिक विवाह हेतु 61 हजार रुपये तथा व्यक्तिगत विवाह के लिए 55 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए विवाह सहायता के रूप में 50 हजार रुपये तक का अनुदान भी प्रदान किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नंदा गौरा योजना, गौरा देवी कन्याधन योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना और पोषाहार योजना जैसी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार तक हर स्तर पर उनके समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि नवरात्र के नौ दिन केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं हैं, बल्कि आत्मशुद्धि, सेवा, विनम्रता और सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करने का भी अवसर हैं। कन्या पूजन हमारी संस्कृति में सेवा, करुणा और सम्मान का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे हर बेटी की सुरक्षा, शिक्षा और प्रगति का संकल्प लें, जिससे कन्या पूजन की भावना वास्तव में सार्थक हो सके।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर स्थित गुरुद्वारा में भी मत्था टेका।

 

इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल, आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रोहिला, छावनी परिषद देहरादून के उपाध्यक्ष विनोद पंवार, भाजपा नेता विनय गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।