फिल्म निर्माण का नया हब बन रहा उत्तराखंड, IFFI-2026 में फिल्मकारों ने गिनाईं खूबियां

0
7

Uttarakhand Film Policy & Shooting Locations at IFFI 2026

 

फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में उभर रहा उत्तराखंड, IFFI-2026 में फिल्मकारों ने साझा किए अनुभव

 

Uttarakhand showcases its Film Policy 2024, subsidies up to ₹3 crore and scenic shooting destinations at IFFI 2026 in Goa.

 

Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स पर विशेष पैनल चर्चा

 

फिल्म निर्माताओं को फिल्म सब्सिडी, सिंगल विंडो सुविधा और शूटिंग की संभावनाओं की दी गई जानकारी

 

हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के लिए ₹3 करोड़ तक की सब्सिडी का प्रावधान

 

गोवा, 22 नवंबर 2026। उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, विविध भौगोलिक परिस्थितियों, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अनुकूल फिल्म निर्माण सुविधाओं के चलते देश के प्रमुख फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन्स में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। राज्य को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माण के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोह (IFFI-2026) के अंतर्गत आयोजित Waves Film Bazaar में उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग लोकेशन्स पर विशेष पैनल डिस्कशन आयोजित किया गया।

‘Destination Uttarakhand: Where Nature Meets Cinematic Magic’ विषय पर आयोजित इस सत्र में उत्तराखंड में फिल्म निर्माण की संभावनाओं, राज्य सरकार की फिल्म प्रोत्साहन नीति, फिल्मकारों को उपलब्ध सुविधाओं और स्थानीय प्रतिभाओं को मिल रहे अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान फिल्म निर्माताओं को उत्तराखंड में शूटिंग के लिए उपलब्ध विभिन्न लोकेशन्स, सब्सिडी प्रावधानों और सरल अनुमति प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

पैनल चर्चा में उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक और प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का संचालन अभिनेत्री शीना ने किया।

 

फिल्म नीति-2024 से फिल्म निर्माताओं को मिल रहा प्रोत्साहन

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में तैयार उत्तराखंड फिल्म पॉलिसी-2024 प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को बढ़ावा देने और राज्य को प्रमुख शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि फिल्म नीति के अंतर्गत निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के अनुसार हिंदी फिल्मों, वेब सीरीज और टीवी सीरियल्स के निर्माण के लिए अधिकतम 3 करोड़ रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त फिल्मकारों की सुविधा के लिए सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की गई है, जिसके माध्यम से शूटिंग की अनुमति प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हिमालय की मनोरम पर्वत श्रृंखलाएं, नदियां, झीलें, प्राकृतिक घाटियां, ऐतिहासिक एवं विरासत भवन और समृद्ध लोक संस्कृति फिल्म निर्माताओं को शूटिंग के लिए विविध विकल्प उपलब्ध कराती हैं। मसूरी, लैंडौर, नैनीताल, देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार के साथ ही गढ़वाल एवं कुमाऊं के दूरस्थ क्षेत्रों में भी फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं।

चौहान ने फिल्म नीति के प्रमुख आधार 3T यानी टैलेंट, ट्रेनिंग और टेक्नोलॉजी का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को फिल्म उद्योग से जोड़ने के साथ क्षेत्रीय सिनेमा को भी प्रोत्साहित कर रही है।

 

आरुषि निशंक ने साझा किया वेब सीरीज निर्माण का अनुभव

अभिनेत्री एवं फिल्म निर्माता आरुषि निशंक ने अपनी वेब सीरीज ‘लाइफ हिल गई’ के निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आधारित इस प्रोजेक्ट की कहानी सुनने के बाद जियो हॉटस्टार ने इसे कमीशन किया था।

उन्होंने उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, यहां के अनुकूल वातावरण और फिल्म निर्माण की संभावनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश में फिल्म निर्माण का एक मजबूत इकोसिस्टम विकसित करने की आवश्यकता है। इससे देश के विभिन्न हिस्सों के फिल्म निर्माता उत्तराखंड में शूटिंग के लिए आकर्षित होंगे और राज्य की प्रतिभाओं को भी बड़े मंच पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।

 

राम रेड्डी ने उत्तराखंड को बताया अपना दूसरा घर

प्रसिद्ध फिल्म निर्माता राम रेड्डी ने अपनी फिल्म ‘जुगनुमा’ की शूटिंग के अनुभव साझा करते हुए उत्तराखंड के प्रति अपना विशेष जुड़ाव व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उनके लिए दूसरे घर जैसा है। फिल्म की शूटिंग के लिए उपयुक्त लोकेशन्स की तलाश में वह 17 बार प्रदेश आए थे।

उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग, आत्मीयता और शूटिंग के अनुकूल वातावरण की सराहना करते हुए बताया कि फिल्म निर्माण के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ उत्तराखंड के गांवों के बच्चों को भी अभिनय का अवसर दिया गया, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को फिल्म जगत से जुड़ने का मंच मिला।

 

पर्यटन और स्थानीय रोजगार को भी मिलेगा बढ़ावा

इस पैनल डिस्कशन के माध्यम से उत्तराखंड की फिल्म नीति, फिल्म सब्सिडी, प्राकृतिक शूटिंग स्थलों और स्थानीय प्रतिभाओं की संभावनाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

सत्र में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों के विस्तार से केवल फिल्म उद्योग को ही लाभ नहीं होगा, बल्कि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। इसके साथ ही होटल, परिवहन, आतिथ्य, खानपान और पर्यटन जैसे संबद्ध क्षेत्रों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

IFFI-2026 के मंच पर उत्तराखंड की फिल्म नीति और शूटिंग डेस्टिनेशन्स का यह प्रस्तुतीकरण प्रदेश को फिल्म निर्माण के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।