अर्थ आवर 2026: डीएम सविन बंसल ने एक घंटे लाइट बंद रखने की अपील

0
6

Earth Hour 2026 Dehradun | DM Appeal to Switch Off Lights for Environment Protection

देहरादून, 27 मार्च।

पर्यावरण संरक्षण के वैश्विक अभियान Earth Hour के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने जनपदवासियों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के उद्देश्य से 28 मार्च 2026 को रात्रि 8:30 बजे से 9:30 बजे तक “अर्थ आवर” मनाया जाएगा। इस दौरान सभी नागरिकों से एक घंटे के लिए अनावश्यक विद्युत उपकरणों एवं लाइटों को बंद रखने का आग्रह किया गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि यह अभियान केवल प्रतीकात्मक नहीं, बल्कि ऊर्जा संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जलवायु परिवर्तन के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने जनपद के सभी नागरिकों, शासकीय एवं अर्द्धशासकीय कार्यालयों, निजी संस्थानों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और शैक्षणिक संस्थाओं से इस पहल में बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

साथ ही, संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक हों।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि निर्धारित समय पर अपने घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों की अनावश्यक लाइटें बंद कर इस वैश्विक अभियान में सहभागिता करें। यह छोटा-सा प्रयास न केवल ऊर्जा बचत में सहायक होगा, बल्कि एक स्वच्छ, सुरक्षित और सतत पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।