LPG सप्लाई में गड़बड़ी पर प्रशासन सख्त, 26 शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

0
7

Dehradun LPG Supply Update: QRT Teams Check Black Marketing, 18,000+ Cylinders Delivered

देहरादून, 27 मार्च।
जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। इसी क्रम में पूरे जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) का गठन किया गया है, जो लगातार गैस एजेंसियों की निगरानी कर रही हैं।

शुक्रवार को क्यूआरटी टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का निरीक्षण करते हुए एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति हो और किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

जिला प्रशासन द्वारा जारी कंट्रोल रूम नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 तथा व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर एलपीजी आपूर्ति से संबंधित कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं। इन शिकायतों पर जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग, देहरादून की टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को जिले में लगभग 18,332 घरेलू उपभोक्ताओं और 424 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं, वर्तमान में 32,429 घरेलू और 1,672 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घरेलू के साथ-साथ व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी लगातार बढ़ाई जा रही है। साथ ही, किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उन्हें गैस आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या होती है, तो वे तुरंत कंट्रोल रूम के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके।