उत्तराखंड में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर सख्त निर्देश, चारधाम मार्गों पर स्वच्छता बढ़ाने के आदेश

0
6

Uttarakhand Orders Strict Waste Management, Extra Funds for Char Dham Route Cleanliness

मुख्य बिंदु:

  • ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
  • चारधाम यात्रा मार्गों पर स्वच्छता के लिए अतिरिक्त फंड उपलब्ध कराने की पहल
  • STP से उपचारित जल का 100% गैर-पेय उपयोग सुनिश्चित करने पर जोर
  • बायोगैस और वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट्स को जल्द शुरू करने के निर्देश
  • कचरा संग्रहण की निगरानी के लिए ट्रैकिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी

देहरादून | 

उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को सचिवालय में स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0 की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में शहरी स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और चारधाम यात्रा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने प्रदेश में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) के लिए एक सम्पूर्ण और प्रभावी तंत्र (Complete Mechanism) विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को शीघ्र विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि कचरा निस्तारण की व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित और टिकाऊ बनाया जा सके।

चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों और जिलों के प्रवेश बिंदुओं पर स्वच्छता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए अतिरिक्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने की बात भी कही गई। साथ ही, जिलाधिकारियों को चारधाम मार्गों और धामों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा उपलब्ध फंड का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीवेज प्रबंधन को लेकर भी बैठक में अहम निर्णय लिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश में स्थापित सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से उपचारित जल का 100 प्रतिशत उपयोग गैर-पेय (Non-potable) कार्यों में किया जाए। इसके लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।

इसके अलावा, राज्य में स्थापित किए जा रहे कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) प्लांट्स और वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं को शीघ्र पूरा कर संचालन में लाने पर बल दिया गया। उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की निगरानी को सुदृढ़ करने के लिए व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग सिस्टम (VLTS) को जल्द लागू करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सचिव नितेश कुमार झा, रणवीर सिंह चौहान, डॉ अहमद इकबाल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।