Char Dham Yatra LPG Supply: CM Dhami Seeks 100% Allocation & Extra Cylinders

चारधाम यात्रा को सुचारू बनाने हेतु एलपीजी आपूर्ति 100% बनाए रखने का मुख्यमंत्री धामी का अनुरोध
देहरादून/नई दिल्ली।
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में शिष्टाचार भेंट कर राज्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राज्य की भौगोलिक चुनौतियों एवं आपदाजन्य संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए कई अहम प्रस्ताव रखे।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से आगामी चारधाम यात्रा के निर्बाध, सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पूर्ववत 100 प्रतिशत बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखण्ड पहुंचते हैं, जिससे व्यावसायिक एलपीजी की मांग में भारी वृद्धि होती है। इस अवधि में राज्य को लगभग 9.68 लाख व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता पड़ती है।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी उल्लेख किया कि जून से सितंबर के बीच मानसून सीजन में उत्तराखण्ड को हर वर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। दुर्गम पर्वतीय क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों के दौरान एलपीजी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है। इस संदर्भ में उन्होंने व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों का अतिरिक्त 5 प्रतिशत (लगभग 48 हजार सिलेंडर) आवंटन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, ताकि आपदा प्रबंधन कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की अर्थव्यवस्था मुख्यतः पर्यटन पर आधारित है, जिसमें धार्मिक पर्यटन, तीर्थाटन और साहसिक पर्यटन का महत्वपूर्ण योगदान है। चारधाम यात्रा न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का भी प्रमुख आधार है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने राज्य के हितों के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को भी दोहराया।





