जन दर्शन में 300 से अधिक शिकायतें, डीएम सविन बंसल ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश | Dehradun Jan Darshan News

जन समस्याओं के समाधान का भरोसेमंद मंच बना ‘जन दर्शन’, 300 से अधिक शिकायतों पर डीएम सविन बंसल ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बुजुर्गों से लेकर विधवाओं तक, हर फरियादी की समस्याओं पर प्रशासन ने दिखाई संवेदनशीलता
राशन कार्ड, स्कूल उत्पीड़न, सिंचाई, इलाज और आर्थिक सहायता जैसे मामलों पर जिलाधिकारी रहे सख्त
देहरादून।
जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित जन मिलन/जन दर्शन कार्यक्रम आमजन के लिए न्याय, राहत और समाधान का प्रभावी मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में भूमि विवाद, सीमांकन, अवैध कब्जा, मुआवजा, बिजली, पेयजल, राशन कार्ड, शिक्षा, आर्थिक सहायता और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी 300 से अधिक शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गईं।
जिलाधिकारी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जन दर्शन के दौरान कई संवेदनशील और मानवीय मामले सामने आए, जिनमें प्रशासन की त्वरित कार्रवाई देखने को मिली।
बेटे-बहू द्वारा घर से निकाले गए बुजुर्ग को मिला प्रशासन का सहारा
शिवपुरी प्रेमनगर निवासी सुरेश कुमार ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके पुत्र और बहू ने उन्हें घर से निकाल दिया है तथा लगातार धमकियां दी जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने भरण-पोषण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी प्रकार वरिष्ठ नागरिक कमल नयन भुटानी ने भाइयों द्वारा संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई, जिस पर जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) को जांच के निर्देश दिए गए।
मशीन खरीदी, सब्सिडी अटकी और ऊपर से कुर्की नोटिस
सभांवाला निवासी शिवानी ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत मशीन खरीदने के लिए लिए गए ऋण की सब्सिडी न मिलने और आर्थिक तंगी के चलते ऋण अदायगी में असमर्थता की समस्या जिलाधिकारी के समक्ष रखी। महिला ने बताया कि तहसील से कुर्की नोटिस भी जारी कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने पूरे मामले की जांच कर महिला को राहत पहुंचाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
तलाकशुदा महिला का राशन कार्ड अटका, डीएम ने दो दिन में मांगी रिपोर्ट
जन दर्शन में राशन कार्ड से जुड़ा एक अनोखा मामला भी सामने आया। तलाकशुदा महिला ममता रानी ने बताया कि भूमि के दस्तावेज और बिजली बिल न होने के कारण उनका राशन कार्ड नहीं बन पा रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को दो दिवस के भीतर विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
स्कूल पर बच्चों के उत्पीड़न और टीसी रोकने का आरोप, जांच शुरू
डालनवाला क्षेत्र के पांच अभिभावकों ने सैमसै पब्लिक स्कूल पर बच्चों को प्रताड़ित करने, पुरानी फीस एकमुश्त वसूलने और टीसी जारी न करने का आरोप लगाया। मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विधवा महिलाओं और जरूरतमंदों की मदद को आगे आया प्रशासन
पति के निधन के बाद ई-रिक्शा ऋण की शेष किश्त जमा करने में असमर्थ विधवा समुन पाल की समस्या पर जिलाधिकारी ने रायफल क्लब से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा दीपक कॉलोनी निवासी शमशाद ने पैर के इलाज, लकवा पीड़ित विधवा आशा देवी ने उपचार, एमडीडीए कॉलोनी निवासी कमला गांधी और बुल्लावाला निवासी पूर्णिमा देवी ने बेटी की शिक्षा और फीस माफी के लिए आर्थिक सहायता की मांग की।
जिलाधिकारी ने जरूरतमंदों को नंदा-सुनंदा एवं रायफल क्लब के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत करने को कहा।
सिंचाई गूल पर अवैध कब्जे से परेशान किसान, 23 मई तक मांगी रिपोर्ट
फतेहपुर ग्रांट में सिंचाई गूल पर अवैध कब्जा कर दीवार निर्माण किए जाने से किसानों को सिंचाई में हो रही परेशानी का मामला भी जन दर्शन में पहुंचा। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को 23 मई तक कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
वहीं हिमज्योति एन्कलेव में पिछले चार वर्षों से संचालित अवैध डेयरी से फैल रही गंदगी की शिकायत पर नगर निगम देहरादून को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
ग्रामीण समस्याओं पर भी प्रशासन गंभीर
ग्राम पंचायत लिस्ट्राबाद ग्रांट में घर-घर कूड़ा संग्रहण के लिए वाहन उपलब्ध न होने की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी को सीएसआर मद से वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
तहसील कालसी के ग्राम गडोग सकरोल में भूमि अभिलेखों की विसंगतियों के कारण जाति एवं स्थायी निवास प्रमाण पत्र जारी न होने की शिकायत पर एसडीएम कालसी को 25 मई तक रिपोर्ट देने को कहा गया।
चकराता ब्लॉक के ग्राम पंचायत कान्डोई भरम में क्षतिग्रस्त पैदल पुलिया के मामले में भी जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
एमडीडीए और परिवहन व्यवस्था से जुड़े मामलों पर भी डीएम सख्त
कारगीग्रांट निवासी संजय कुमार बरमोला ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा आयुक्त गढ़वाल एवं अध्यक्ष एमडीडीए के आदेशों का पालन न किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर जिलाधिकारी ने एमडीडीए अधिकारियों को एटीआर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त दिलाराम बाजार से नालापानी चौक तक सार्वजनिक परिवहन सुविधा बहाल करने और पूर्व में संचालित सिटी बस सेवा दोबारा शुरू कराने की मांग पर जिलाधिकारी ने आरटीओ को तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
जनता मिलन कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, अपर आयुक्त नगर निगम प्रवीण कुमार, एसडीएम स्मृता परमार, एसडीएम अपूर्वा सिंह, एसडीएम कुमकुम जोशी, एसडीएम अपर्णा ढौंडियाल, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वीके ढौंडियाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





