उत्तराखण्ड कैबिनेट ने मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी और जसपाल राणा को दी श्रद्धांजलि | CM Dhami Cabinet Tribute
कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी एवं पद्मश्री जसपाल राणा को श्रद्धांजलि, दो मिनट का मौन रखकर किया स्मरण
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक की शुरुआत उत्तराखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ सैनिक नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी तथा अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज एवं पद्मश्री सम्मानित जसपाल राणा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए की गई।
बैठक के प्रारंभ में मुख्यमंत्री सहित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान दोनों महान विभूतियों के राज्य, समाज एवं राष्ट्र के प्रति योगदान को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी उत्तराखण्ड की राजनीति एवं सार्वजनिक जीवन की एक प्रेरणादायी शख्सियत थे। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के साथ-साथ उन्होंने प्रदेश के विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व, ईमानदारी और जनसेवा के प्रति समर्पण को सदैव याद रखा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल खंडूड़ी ने उत्तराखण्ड के विकास की मजबूत नींव रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई तथा सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों और जवाबदेह शासन की मिसाल प्रस्तुत की। उनका निधन प्रदेश के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
मुख्यमंत्री ने पद्मश्री जसपाल राणा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी असाधारण खेल प्रतिभा, अनुशासन और समर्पण के बल पर देश और उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। निशानेबाजी के क्षेत्र में उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।
उन्होंने कहा कि जसपाल राणा ने न केवल अनेक अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का गौरव बढ़ाया, बल्कि युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और मार्गदर्शन देकर खेल संस्कृति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका व्यक्तित्व और उपलब्धियां सदैव स्मरणीय रहेंगी।
मंत्रिमंडल ने दोनों दिवंगत विभूतियों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करें। साथ ही उनके द्वारा राष्ट्र और उत्तराखण्ड के लिए किए गए योगदान को सदैव सम्मानपूर्वक याद रखने का संकल्प व्यक्त किया गया।





