पेट्रोल पंपों से देशभर तक पहुंचेगा पहाड़ का स्वाद, डोईवाला में खुलेगा पहला हिलान्स आउटलेट

0
5

Uttarakhand’s First Hillans Outlet at Doiwala | REAP & IOCL Initiative

पेट्रोल पंपों से देशभर तक पहुंचेगा पहाड़ का स्वाद, ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा राष्ट्रीय बाजार

रीप परियोजना और जिला प्रशासन की अभिनव पहल, डोईवाला में खुलेगा प्रदेश का पहला ‘हिलान्स आउटलेट’

देहरादून।

उत्तराखंड के पहाड़ अब केवल अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन के लिए ही नहीं, बल्कि स्थानीय उत्पादों और ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता के लिए भी नई पहचान बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और महिला सशक्तिकरण के विजन को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार तेजी से धरातल पर उतार रही है। इसी दिशा में देहरादून जिला प्रशासन और रीप (REAP) परियोजना ने एक ऐसी पहल शुरू की है, जो ग्रामीण महिलाओं को सीधे बड़े बाजार से जोड़ते हुए उनकी आय और आत्मनिर्भरता दोनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

अब स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद प्रदेश के व्यस्त पेट्रोल पंपों पर स्थापित होने वाले ‘हिलान्स आउटलेट’ के माध्यम से देशभर के पर्यटकों और उपभोक्ताओं तक पहुंचेंगे।

ग्रामीण महिलाओं के लिए खुलेगा नए बाजार का रास्ता

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूह लंबे समय से उच्च गुणवत्ता वाले स्थानीय उत्पाद तैयार कर रहे हैं, लेकिन सीमित बाजार और विपणन सुविधाओं के कारण उन्हें उचित मूल्य और व्यापक पहचान नहीं मिल पाती थी। इस चुनौती को देखते हुए देहरादून जिला प्रशासन ने एक अभिनव मॉडल तैयार किया है, जिसके तहत प्रमुख पेट्रोल पंपों पर विशेष ‘हिलान्स आउटलेट’ स्थापित किए जाएंगे।

इन आउटलेट्स के माध्यम से पेट्रोल-डीजल भराने आने वाले हजारों स्थानीय उपभोक्ता और लाखों पर्यटक सीधे पहाड़ी उत्पादों की खरीद कर सकेंगे। इससे ग्रामीण उत्पादों को स्थायी बाजार मिलने के साथ-साथ महिलाओं की आमदनी में भी उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।

इंडियन ऑयल के साथ हुआ महत्वपूर्ण समझौता

इस महत्वाकांक्षी योजना को सफल बनाने के लिए राज्य स्तर पर जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के बीच महत्वपूर्ण समझौता (एमओयू) किया गया है। इस साझेदारी के तहत चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर हिलान्स आउटलेट स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर का विपणन मंच उपलब्ध होगा।

डोईवाला बनेगा इस पहल का पहला केंद्र

जिला परियोजना प्रबंधक (रीप) सोनम गुप्ता ने बताया कि राज्य स्तर पर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के साथ हुए एमओयू के तहत पहले चरण में विकासखंड डोईवाला स्थित फन एंड फूड किंगडम वाटर पार्क के समीप आईओसीएल पेट्रोल पंप पर प्रदेश का पहला हिलान्स आउटलेट स्थापित किया जा रहा है। इसके सफल संचालन के बाद अन्य प्रमुख पेट्रोल पंपों पर भी इस मॉडल का विस्तार किया जाएगा।

एक ही स्थान पर मिलेगा उत्तराखंड की परंपरा और स्वाद

इन आउटलेट्स पर उत्तराखंड के पारंपरिक एवं शुद्ध स्थानीय उत्पाद उपलब्ध होंगे। इनमें प्रमुख रूप से—

  • गहत, भट्ट, तोर सहित पारंपरिक पहाड़ी दालें
  • जैविक एवं पारंपरिक मसाले
  • औषधीय जड़ी-बूटियां
  • स्थानीय डेयरी एवं खाद्य उत्पाद
  • पहाड़ी अचार, मसाला मिश्रण और अन्य मूल्यवर्धित उत्पाद
  • स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार हस्तशिल्प एवं हैंडीक्राफ्ट सामग्री

उपलब्ध कराई जाएगी।

पर्यटकों को मिलेगा ‘लोकल टू ग्लोबल’ का अनुभव

देहरादून और उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों के लिए यह पहल एक नया अनुभव लेकर आएगी। अब वे केवल अपनी गाड़ियों में ईंधन ही नहीं भरवाएंगे, बल्कि उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति, स्वाद और स्थानीय उत्पादों को भी अपने साथ स्मृति-चिह्न के रूप में ले जा सकेंगे। इससे प्रदेश के स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग को भी नई पहचान मिलेगी।

आत्मनिर्भर गांवों की ओर मजबूत कदम

यह पहल केवल बिक्री केंद्र स्थापित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे हजारों स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को स्थायी बाजार, बेहतर आय और आर्थिक आत्मनिर्भरता का अवसर मिलेगा। साथ ही उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय पहचान मिलने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

रीप परियोजना, जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल की यह साझेदारी उत्तराखंड में ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान को नई गति देने वाली एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है, जो आने वाले समय में प्रदेश के आर्थिक विकास का एक सफल मॉडल बनकर उभरेगी।