Roorkee Youth Dialogue: CM Dhami Says Youth Are the Biggest Strength of Developed India

युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

रुड़की, 28 जून 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रुड़की में आयोजित “युवा शक्ति संवाद” कार्यक्रम में प्रदेश के युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा ही विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार, कौशल तथा प्रतिभा राष्ट्र निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को केवल वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त आधार माना गया है। इसी सोच के अनुरूप स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनसे युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं बल्कि रोजगार सृजित करने वाला बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े, बल्कि अपने ही प्रदेश में स्वरोजगार, उद्यमिता और नवाचार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद (ODOP) योजना तथा ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसी पहलें स्थानीय उत्पादों और युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, कीवी मिशन, नई पर्यटन नीति, होम-स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड अभियान तथा सौर स्वरोजगार योजनाएं भी युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तैयार कर रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के परिणामस्वरूप उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक वातावरण बन रहा है। बड़ी संख्या में युवा अपने अनुभव और कौशल के साथ वापस लौटकर स्वरोजगार एवं उद्यमिता को बढ़ावा दे रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। प्रदेश में लागू देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के कारण भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता आई है तथा पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेजों की स्थापना, महिला छात्रावास, आधुनिक आईटी लैब, परीक्षा भवनों का निर्माण तथा उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। साथ ही पिछले साढ़े चार वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योगों की स्थापना से रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित हुए हैं।
युवाओं से किया बड़े लक्ष्य तय करने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नवाचार अपनाने तथा आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार हर युवा के सपनों को साकार करने के लिए उनके साथ खड़ी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड का युवा विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में राज्य को देश का अग्रणी एवं श्रेष्ठ प्रदेश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
युवाओं के सवालों का दिया बेबाक जवाब
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधा संवाद करते हुए उनके प्रश्नों का सरल एवं सारगर्भित उत्तर दिया।
रोजगार और युवा सशक्तिकरण
पहला प्रश्न भुनेश गोयल ने युवाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा तथा शासन-प्रशासन में उनकी भागीदारी को लेकर पूछा। मुख्यमंत्री ने कहा कि रुड़की विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार की भूमि है तथा राज्य सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने दोहराया कि स्टार्टअप्स को प्रोत्साहन, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर अफवाहों से निपटने की रणनीति
रीया वंदना ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर सरकार की रणनीति के संबंध में प्रश्न किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया आज जनसंचार का अत्यंत प्रभावी माध्यम बन चुका है, लेकिन इसके दुरुपयोग को रोकने के लिए साइबर सेल सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। अफवाह फैलाने एवं सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
2027 कुंभ मेले की तैयारियां
सोनालिका ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रश्न किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार कुंभ मेले को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रही है। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, घाटों के निर्माण एवं विस्तार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मेले में ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित निगरानी व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
कार्यक्रम के आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक (देहात) शेखर सुयाल, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।





