समाधान दिवस में डीएम का सख्त एक्शन: 171 शिकायतों की सुनवाई, ठगी, अतिक्रमण और पेंशन मामलों में त्वरित राहत

0
6

Dehradun DM Orders Gangster Act in Overseas Job Scam, Hears 171 Public Grievances

समाधान दिवस में डीएम डॉ. आशीष चौहान का सख्त संदेश: विदेश में नौकरी के नाम पर ठगी करने वालों पर लगेगा गैंगस्टर, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

171 शिकायतों की सुनवाई, अधिकांश मामलों का मौके पर निस्तारण; दिव्यांग पेंशन, अवैध अतिक्रमण, भूमि विवाद और आपदा प्रभावित क्षेत्रों पर प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

देहरादून:

जनसुनवाई को प्रभावी और परिणाममुखी बनाने की दिशा में सोमवार को आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने स्पष्ट संदेश दिया कि आम नागरिकों के साथ धोखाधड़ी, महिलाओं एवं बुजुर्गों के उत्पीड़न तथा सरकारी योजनाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समाधान दिवस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 171 फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इनमें भूमि विवाद, अवैध कब्जे, सीमांकन, अतिक्रमण, बैंक ऋण, मुआवजा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विधिक सहायता तथा आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण से जुड़े मामले प्रमुख रहे। कई शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को स्पष्ट समयसीमा के साथ निर्देश दिए गए।

विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, गैंगस्टर कार्रवाई के निर्देश

समाधान दिवस के दौरान सबसे गंभीर मामला ऋषिकेश क्षेत्र से सामने आया, जहां लगभग 15 युवाओं ने जिलाधिकारी को बताया कि एक व्यक्ति ने उन्हें विदेश में आकर्षक नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये वसूल लिए। आरोप है कि आरोपी ने युवाओं के पासपोर्ट भी अपने कब्जे में ले लिए और अब रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से दूरभाष पर वार्ता कर आरोपी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो आरोपी पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी बेरोजगार युवाओं की मजबूरी का फायदा उठाने का साहस न कर सके।

चार वर्षों से पेंशन से वंचित दिव्यांग परिवार को मिली राहत

नेहरू ग्राम निवासी संगीता देवी ने जिलाधिकारी को बताया कि उनके पति पिछले चार वर्षों से दिव्यांग हैं, लेकिन दिव्यांग प्रमाण पत्र न बनने के कारण उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार का जीवन अत्यंत कठिन परिस्थितियों में गुजर रहा है।

इस पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को उसी दिन मेडिकल बोर्ड के माध्यम से आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण कराने तथा जिला समाज कल्याण अधिकारी को एक सप्ताह के भीतर दिव्यांग पेंशन स्वीकृत कर लाभ दिलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने समाधान दिवस के दौरान ही आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी।

बैंक ऋण के मामले में जांच के आदेश

अर्चना देवी ने आर्थिक संकट का हवाला देते हुए बैंक ऋण के पुनर्गठन की मांग रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि बैंक द्वारा लगातार मानसिक दबाव बनाया जा रहा है तथा उनकी परिस्थितियों पर विचार नहीं किया जा रहा।

जिलाधिकारी ने लीड बैंक अधिकारी को पूरे प्रकरण की जांच कर नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने तथा पीड़िता को अनावश्यक उत्पीड़न से बचाने के निर्देश दिए।

बेटी पर बुजुर्ग मां की जमीन हड़पने का आरोप, सीओ करेंगे जांच

समाधान दिवस में एक भावनात्मक मामला भी सामने आया, जिसमें एक बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी ने छलपूर्वक उसकी भूमि अपने नाम करा ली है। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) को निष्पक्ष जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अवैध अतिक्रमण और निर्माण पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान रायवाला ग्राम पंचायत एवं नया गांव (सेवालाखुर्द) में सार्वजनिक मार्गों पर किए गए अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण की शिकायतें भी सामने आईं। जिलाधिकारी ने संबंधित उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) एवं पुलिस अधिकारियों को तत्काल संयुक्त कार्रवाई कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नया गांव क्षेत्र में किरायेदारों का सत्यापन अभियान भी चलाने के आदेश दिए।

विद्युत सुरक्षा और जल निकासी पर तत्काल कार्रवाई

नथुवाला क्षेत्र में पेड़ों के बीच से गुजर रही बिजली की लाइनों से संभावित दुर्घटना की आशंका पर जिलाधिकारी ने वन विभाग एवं विद्युत विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर तत्काल समस्या का स्थायी समाधान करने को कहा।

इसी प्रकार सुंदरवाला स्थित आईआरडीई क्षेत्र में बंद नालियों के कारण जलभराव एवं आवासीय भवनों पर उत्पन्न खतरे को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को संबंधित विभागों के समन्वय से तत्काल जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए शीघ्र तैयार होंगे प्रस्ताव

चकराता विकासखंड के ग्राम म्यूंढा में आपदा से क्षतिग्रस्त सिंचाई नहर तथा खेतों की सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण के लिए लघु सिंचाई विभाग को तत्काल प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त ग्राम बनसार में भूस्खलन से क्षतिग्रस्त गूल की मरम्मत न होने के कारण नकदी फसलों को हो रहे नुकसान का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को शीघ्र विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के आदेश दिए गए।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता को समय पर मिले न्याय

समाधान दिवस के समापन पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि समाधान दिवस केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनसमस्याओं के प्रभावी समाधान की व्यवस्था है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि युवाओं से रोजगार के नाम पर धोखाधड़ी, महिलाओं एवं बुजुर्गों के उत्पीड़न, अवैध अतिक्रमण और जनहित से जुड़े मामलों में प्रशासन शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति के तहत कार्य करेगा।

समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के.के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश तिवारी, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा, एसडीएम विनोद कुमार, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी वी.के. ढौंडियाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी जितेन्द्र कुमार, तहसीलदार सुरेन्द्र देव, तहसीलदार विवेक राजौरी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। तहसील स्तर के अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े।