Magisterial Inquiry Ordered into Mysterious Death at Mussoorie Homestay | Dehradun News
मसूरी होमस्टे में महिला की रहस्यमय मौत की होगी मजिस्ट्रेटी जांच, जिला प्रशासन ने मांगे साक्ष्य
देहरादून, 17 जुलाई 2026।
मसूरी स्थित ‘द कियाना’ होमस्टे में परूपुड़ी राधा गायत्री की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मृत्यु के मामले में जिला प्रशासन ने मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. आशीष चौहान ने मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और तथ्यपरक जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयुक्त मजिस्ट्रेट मसूरी राहुल आनंद को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद ने बताया कि घटना के संबंध में कोतवाली मसूरी में विधिक कार्रवाई के तहत मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, जिसके चलते मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच के लिए मजिस्ट्रेटी जांच कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान उपलब्ध सभी तथ्यों, परिस्थितियों और साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का निष्पक्ष रूप से पता लगाया जा सके।
जांच अधिकारी ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस घटना से संबंधित कोई तथ्य, सूचना, दस्तावेज अथवा अन्य साक्ष्य उपलब्ध हैं, तो वह निर्धारित तिथि तक उनके न्यायालय/कार्यालय में उपस्थित होकर अपना मौखिक या लिखित पक्ष प्रस्तुत कर सकता है।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित व्यक्तियों का सहयोग इस जांच को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण होगा। समयबद्ध रूप से प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर सक्षम प्राधिकारी को प्रस्तुत की जाएगी।





