देहरादून Weather Alert: भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, शनिवार को सभी शैक्षणिक संस्थान बंद

0
9

Dehradun Schools Closed on July 18, 2026 Due to Orange Rain Alert | IMD Weather Update

देहरादून में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 18 जुलाई को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

देहरादून।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान (Forecast/Nowcast) के आधार पर जनपद देहरादून में अगले 24 घंटे के दौरान कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने तथा अत्यंत तीव्र वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी होने के बाद एहतियाती कदम उठाए हैं।

जिला मजिस्ट्रेट एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण डॉ. आशीष चौहान ने विद्यार्थियों और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए 18 जुलाई 2026 (शनिवार) को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिला प्रशासन का कहना है कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार भारी बारिश के कारण जलभराव, भूस्खलन, पेड़ों के गिरने, बिजली गिरने तथा अन्य आपदाजनित घटनाओं की आशंका बनी हुई है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।

जिला मजिस्ट्रेट ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, देहरादून तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा जनपद के सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 18 जुलाई को अवकाश प्रभावी रहे।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है।