Dehradun Food Adulteration Crackdown: Sweet Shop Inspections
त्यौहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
मिठाई, डेयरी, कैंटीन और रेस्टोरेंट समेत कई प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी, खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए
देहरादून। त्यौहारी सीजन के मद्देनजर जनपद देहरादून में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने मिलावटखोरी के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा मिठाई की दुकानों, डेयरी प्रतिष्ठानों, रेस्टोरेंट, कैंटीन सहित अन्य प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को त्यौहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने तथा मिलावट एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न प्रतिष्ठित खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी एवं निरीक्षण की कार्रवाई की। टीम ने प्रतिष्ठानों में बिक्री के लिए रखी खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, स्वच्छता, भंडारण व्यवस्था, रख-रखाव तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन का जायजा लिया।
अभियान के दौरान आनंदम स्वीट्स, 5 स्टार, कोहली स्वीट्स, कालरा स्वीट्स समेत अन्य प्रमुख मिठाई एवं खाद्य प्रतिष्ठानों तथा डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए गए। इन नमूनों को नियमानुसार प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्यौहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के मद्देनजर मिलावटखोरी अथवा घटिया गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री की बिक्री को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सैंपलिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रखते हुए जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि त्योहारों के दौरान मिठाई एवं अन्य खाद्य सामग्री खरीदते समय प्रतिष्ठान की स्वच्छता, उत्पाद की गुणवत्ता और पैकेजिंग आदि का विशेष ध्यान रखें। किसी खाद्य प्रतिष्ठान पर मिलावट, खराब गुणवत्ता या अन्य अनियमितता की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को इसकी सूचना दें।
जिला प्रशासन ने कहा कि त्यौहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। मिलावटखोरी के विरुद्ध अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखते हुए दोषी पाए जाने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





