हरिद्वार, मंगलौर: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के उपलक्ष्य में मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में एक भव्य धन्यवाद रैली का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं ट्रैक्टर चलाकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचे, जहां उन्होंने भारी जनसमूह को संबोधित किया।
रैली की शुरुआत ग्राम लिब्बरहेड़ी स्थित चौधरी ओमपाल ढाबा से हुई, जो स्वीटी फार्म तक निकाली गई। कार्यक्रम स्थल महाराजा महेंद्र प्रताप स्नातक महाविद्यालय खेल मैदान, नारसन में मुख्यमंत्री का स्वागत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने किया। मुख्यमंत्री के आगमन पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। “यह मेरे नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता का सम्मान है,” उन्होंने कहा। मुख्यमंत्री ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि समान कानून सभी धर्मों और वर्गों के लिए न्याय और समानता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए कई योजनाओं और निर्णयों की जानकारी दी, जिनमें शामिल हैं:
किसान क्रेडिट कार्ड की सीमा ₹3 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख
गेहूं पर ₹20 प्रति क्विंटल बोनस
गन्ना मूल्य में ₹20 प्रति क्विंटल की वृद्धि
बागवानी क्षेत्र में 80% तक सब्सिडी
₹1200 करोड़ की लागत से सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट की नई नीतियाँ
₹14,000 करोड़ की लागत से 7 नई कृषि परियोजनाएं
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हरिद्वार ज़मीन घोटाले में की गई बड़ी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इसमें आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कदम उठाए गए हैं।
मंगलौर के लिए घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने रैली में मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
-
ग्राम लिब्बरहेड़ी में महाराजा सूरजमल के नाम से खेल स्टेडियम का निर्माण
-
मंगलौर से गुरुकुल, लंढौरा बाईपास (हरचंदपुर पुल) तक सर्की रजवाहे की पटरी को पक्की सड़क में परिवर्तित किया जाएगा
कार्यक्रम में विधायक प्रदीप बत्रा, पूर्व विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना सहित अनेक जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोभाल, अपर जिलाधिकारी दीपेन्द्र सिंह नेगी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
भीषण गर्मी के बावजूद भारी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और स्थानीय नागरिक रैली में शामिल हुए, जिससे आयोजन जनभावनाओं की व्यापक अभिव्यक्ति बन गया।