Khatima Nagar Van Oxygen Park Inaugurated, CM Dhami Makes 6 Announcements
खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया लोकार्पण, विकास कार्यों की छह घोषणाएं
CM Pushkar Singh Dhami inaugurated the Nagar Van Oxygen Park in Khatima and announced six development projects, including a circuit house, stadium and vending zone.
सर्किट हाउस, स्टेडियम, वेंडिंग जोन और क्रियाशाला के निर्माण की घोषणा; पर्यावरण और आर्थिक विकास में संतुलन पर दिया जोर
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को पार्क को स्वच्छ, सुंदर और जनोपयोगी बनाए रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र के विकास से जुड़ी छह महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। इनमें नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित कर नए कार्यालय का निर्माण, खटीमा में स्टेडियम का निर्माण, क्रियाशाला का निर्माण, सर्किट हाउस की स्थापना तथा वेंडिंग जोन विकसित करना शामिल है।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनेगा सर्किट हाउस
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। क्षेत्र से व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश की ओर जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए खटीमा में सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा।
उन्होंने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और वित्तीय सहायता देने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्क के विस्तार से स्थानीय लोगों को बेहतर हरित एवं मनोरंजक क्षेत्र उपलब्ध होगा।
स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि पार्क को साफ-सुथरा और सुंदर बनाए रखना केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को पार्क परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक टॉयलेट बनाने के निर्देश भी दिए।
विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों के बीच वन एवं पर्यावरण का महत्व लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रकृति और पर्यावरण के साथ संतुलन बनाते हुए आर्थिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर जोर दे रही है। इसका उद्देश्य वर्तमान विकास के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर तैयार करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उत्तराखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा : अजय भट्ट
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी ने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण की मांग रखी। उन्होंने जीर्ण-शीर्ण वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित कर नए कार्यालय के निर्माण का अनुरोध भी किया। उन्होंने खटीमा में नगर वन ऑक्सीजन पार्क विकसित किए जाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री मोहिनी पोखरिया, गंभीर सिंह धामी, डॉ. अनिल कपूर ‘डब्बू’, किशन सिंह किन्ना, रणजीत सिंह नामधारी, आयोग के सदस्य डॉ. जेड. ए. वारसी, गुड्डू टम्टा, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, रणदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वन संरक्षक नीतिशमणि त्रिपाठी, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, यू.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।





