‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आज, राहुल गांधी करेंगे उत्तराखंड के छात्रों से सीधा संवाद

0
6

Rahul Gandhi to Interact with Students in Dehradun Today | Chhatron Ki Goonj | Uttarakhand News

देहरादून में आज छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने पूरी की तैयारियां

देहरादून, 17 जुलाई 2026।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से संवाद करेंगे। 

कार्यक्रम से एक दिन पूर्व उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बन्नू स्कूल मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रदेश कांग्रेस ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया है। पिछले कई दिनों से पार्टी कार्यकर्ता छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से लगातार संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।

इसी अभियान के तहत कांग्रेस ने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं को लेकर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया। गुरुवार को पार्टी ने ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आधिकारिक एंथम भी जारी किया, जिसमें शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, निष्पक्षता और छात्रों की एकजुटता का संदेश दिया गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि छात्रों के सुरक्षित और बेहतर भविष्य के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।