उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया गणना फॉर्म

0
6

Uttarakhand SIR Campaign: CM Dhami Receives Enumeration Form for Electoral Roll Verification

उत्तराखण्ड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मुख्यमंत्री को सौंपा गया गणना फॉर्म

देहरादून। उत्तराखण्ड में मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गणना फॉर्म सौंपा।

इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री को अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए राज्यभर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेश के सभी पात्र मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे मतदाता सूची में दर्ज विवरणों का सत्यापन एवं अद्यतन सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत आगामी 7 जुलाई तक एक माह की अवधि में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं से गणना फॉर्म प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त फॉर्मों को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज कर निर्वाचन आयोग के डेटाबेस में अपलोड किया जाएगा। इससे मतदाता सूची में नाम, पता, आयु अथवा अन्य विवरणों से संबंधित त्रुटियों को दूर करने में सहायता मिलेगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने तथा समयबद्ध रूप से गणना फॉर्म भरकर उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि मतदाता सूची का शत-प्रतिशत शुद्धिकरण सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।