Peepalkoti Tunnel Accident: 13 Rescued, 18-19 Feared Trapped
पीपलकोटी टनल हादसा: निर्माणाधीन सुरंग में मलबा-पानी भरने से 18-19 लोगों के फंसने की आशंका, 13 का सुरक्षित रेस्क्यू
चमोली, 13 अगस्त 2026। जनपद चमोली के मायापुर (पीपलकोटी) क्षेत्र में गुरुवार शाम टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में अचानक मलबा और पानी भर जाने से बड़ा हादसा हो गया। घटना शाम करीब 7:05 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार टनल के भीतर काम कर रहे 18 से 19 श्रमिकों के फंसने की आशंका जताई गई थी।
प्रशासन और बचाव दलों की त्वरित कार्रवाई के बाद अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। टनल में फंसे शेष लोगों की तलाश और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
सेना, NDRF, SDRF और ITBP की टीमें जुटीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य के लिए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। वहीं डीआईआरएफ, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर मौजूद रहकर बचाव अभियान में जुटे हुए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। टनल के भीतर फंसे लोगों तक पहुंचने और सुरक्षित निकासी के लिए उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता सुरंग में फंसे प्रत्येक व्यक्ति तक सुरक्षित पहुंच बनाकर उन्हें जल्द से जल्द बाहर निकालना है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन टनल का कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा था। घटना के कारणों और टनल के भीतर की वास्तविक स्थिति का विस्तृत आकलन रेस्क्यू अभियान के साथ-साथ किया जा रहा है।
CM धामी ने जताई गहरी चिंता, युद्धस्तर पर रेस्क्यू के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतते हुए युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमें तत्काल घटनास्थल पर भेजी गई हैं तथा जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम धामी ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन मौके पर लगाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने ईश्वर से टनल में फंसे सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी कर रही है।
रेस्क्यू ऑपरेशन पर प्रशासन की लगातार नजर
फिलहाल टनल में फंसे शेष लोगों की तलाश जारी है। प्रशासन, पुलिस और विभिन्न सुरक्षा एवं आपदा राहत एजेंसियां संयुक्त रूप से अभियान चला रही हैं। घटनास्थल पर बचाव कार्य की प्रगति के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।





