Pravasi Uttarakhandi Sammelan: मुख्यमंत्री धामी ने प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में दिया रात्रिभोज, नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन

0
10

 

CM Dhami Hosts Dinner for Pravasi Uttarakhandis

 

प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में CM धामी ने आयोजित किया रात्रिभोज, नंदा राजजात की प्रस्तुति ने मोहा मन

 

CM Pushkar Singh Dhami hosted a dinner for Pravasi Uttarakhandis in Dehradun, celebrating Uttarakhand’s folk culture and Nanda Raj Jat tradition.

 

मुख्यमंत्री ने कहा— प्रवासी उत्तराखण्डी प्रदेश की पहचान और गौरव, उनके अनुभव, प्रतिभा एवं निवेश से विकास को मिलेगी नई दिशा

 

मुख्यमंत्री आवास में लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच प्रवासियों ने महसूस किया देवभूमि का अपनापन

 

देहरादून। तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में देश के विभिन्न राज्यों और क्षेत्रों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों के सम्मान में विशेष रात्रिभोज का आयोजन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया और उनके साथ संवाद कर प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देवभूमि की विशिष्ट पहचान को जीवंत कर दिया। विशेष रूप से नंदा राजजात पर आधारित भव्य प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की पहचान, गौरव और सांस्कृतिक विरासत के सशक्त संवाहक हैं। वे देश और दुनिया के जिस भी हिस्से में रहते हैं, वहां अपनी मातृभूमि की संस्कृति, परंपराओं, लोकजीवन और जीवन मूल्यों को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रवासी समाज के साथ इस तरह के आत्मीय आयोजन राज्य और प्रवासियों के बीच भावनात्मक संबंधों को मजबूत करने के साथ ही प्रदेश की विकास यात्रा में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की विशिष्ट पहचान उसकी समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक रीति-रिवाजों, लोकगीतों, लोकनृत्यों और आध्यात्मिक चेतना में निहित है। यह आवश्यक है कि राज्य से बाहर रह रही नई पीढ़ी भी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ी रहे। प्रवासी उत्तराखण्डी अपने बच्चों को अपनी मातृभाषा, स्थानीय बोलियों, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराकर देवभूमि की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकसित उत्तराखण्ड के लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस दिशा में प्रवासी उत्तराखण्डियों की विशेषज्ञता, अनुभव, प्रतिभा, निवेश और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सरकार की अपेक्षा है कि प्रवासी अपने ज्ञान और व्यावसायिक अनुभव को प्रदेश के युवाओं, उद्यमियों और स्थानीय समुदायों के साथ साझा करें, ताकि राज्य में रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और आर्थिक विकास के नए अवसर सृजित हो सकें।

मुख्यमंत्री ने प्रवासियों से अपने पैतृक गांवों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनके विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने अपने गांवों को गोद लेकर वहां बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों में सहयोग करने वाले प्रवासियों की पहल की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के अवसर बढ़ाने, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और रिवर्स पलायन को प्रोत्साहित करने में सहायक हो सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार और प्रवासी समाज के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।

नंदा राजजात की प्रस्तुति ने बिखेरे लोकसंस्कृति के रंग

मुख्यमंत्री आवास में आयोजित रात्रिभोज के दौरान उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत पर आधारित विविध कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों के माध्यम से कलाकारों ने देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर चित्रण किया। मां नंदा देवी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता और उत्तराखण्ड की विशिष्ट परंपरा नंदा राजजात पर आधारित भव्य प्रस्तुति ने उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस प्रस्तुति के माध्यम से उत्तराखण्ड की आस्था, लोकविश्वास, सामूहिकता और सांस्कृतिक एकता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नंदा राजजात जैसी परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि प्रदेश की सामाजिक एकता, सामूहिक चेतना और सांस्कृतिक गौरव की भी परिचायक हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की लोकसंस्कृति और परंपराएं हमारी अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन करना सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी विरासत से जोड़ने और प्रदेश की विशिष्ट पहचान को व्यापक स्तर पर प्रचारित करने में मदद मिलती है। राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण में भागीदारी का आह्वान

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल सभी प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें विश्वास है कि प्रवासी समाज अपने गृह राज्य के साथ इसी प्रकार आत्मीय संबंध बनाए रखेगा। उन्होंने विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को साकार करने में प्रवासियों से अपनी प्रतिभा, अनुभव और संसाधनों के माध्यम से सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज एवं भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध गीतकार प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, प्रसिद्ध अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं प्रवासी उत्तराखण्डी उपस्थित रहे।