Independence Day 2026: डीएम आशीष चौहान ने कहा- स्वतंत्रता की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी

0
7

Independence Day 2026: DM Ashish Chauhan Hoists Flag in Dehradun

स्वतंत्रता दिवस पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया ध्वजारोहण

स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान

देहरादून, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस समारोह का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी तथा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता, एकता और अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने जनपदवासियों एवं कलेक्ट्रेट परिवार को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश को स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। स्वतंत्रता संग्राम में हजारों देशवासियों ने राष्ट्र की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके अदम्य साहस और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने दायित्वों का निर्वहन कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की रक्षा करना तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का भी पुनः स्मरण कराता है।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे जिस भी पद पर कार्यरत हैं, उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि शासकीय सेवा का मूल उद्देश्य आमजन की सेवा और जनहित में कार्य करना है। प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी यह सुनिश्चित करे कि शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए सभी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कर्तव्यनिष्ठा और जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

ध्वजारोहण समारोह के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत रहा। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और महान स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया तथा राष्ट्रहित, जनसेवा और अपने दायित्वों के प्रति समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

समारोह में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, उप जिलाधिकारी सदर अपूर्वा सिंह, मुख्य वैयक्तिक अधिकारी जिलाधिकारी वीरेंद्र सिंह सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी, कलेक्ट्रेट प्रेस के कार्मिक तथा जिला सूचना कार्यालय के कार्मिक उपस्थित रहे।