स्वतंत्रता दिवस 2026: सीएम धामी ने देहरादून में फहराया तिरंगा, उत्तराखंड के लिए की 7 बड़ी घोषणाएं

0
14

CM Dhami Announces 7 Initiatives on Independence Day 2026

स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने परेड ग्राउंड में फहराया तिरंगा, प्रदेश के लिए की सात बड़ी घोषणाएं

देहरादून, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। समारोह की शुरुआत सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन हुआ। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया तथा स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस विभाग के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया। इनमें सात को सेवा के आधार पर और छह को विशिष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

शहीदों, सैनिकों और राज्य आंदोलनकारियों को किया नमन

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन अमर बलिदानियों की याद दिलाता है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, वीर सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस के जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले राज्य आंदोलनकारियों और शहीदों को भी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में हाल में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाने, घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने और जिन परिवारों ने अपने घर एवं आजीविका खोई है, उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करने की है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव सामग्री पहुंचाने के साथ क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल और विद्युत लाइनों को जल्द बहाल करने के प्रयास जारी हैं।

2026 को बताया ऐतिहासिक वर्ष

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 देश और समाज के लिए अनेक कारणों से महत्वपूर्ण है। देश स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। इसी वर्ष संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती तथा सिख पंथ के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी वर्ष मनाया जा रहा है।

उन्होंने विभाजन विभीषिका के दौरान अमानवीय यातनाएं झेलने, अपने प्रियजनों को खोने और विस्थापन का दंश सहने वाले लोगों को भी श्रद्धांजलि दी।

विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष, रक्षा उत्पादन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विज्ञान, अनुसंधान, स्टार्टअप, खेल, योग और आयुर्वेद सहित अनेक क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य देश के सामने रखा है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को वर्ष 2035 तक विकसित राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और विभिन्न रोपवे परियोजनाएं राज्य की कनेक्टिविटी को नई गति दे रही हैं। जमरानी, लखवाड़, किशाऊ और सौंग बांध परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

धार्मिक पर्यटन से आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के पुनर्निर्माण, केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर, हरिपुर यमुना तीर्थ पुनर्विकास और शीतकालीन यात्रा जैसी पहलें प्रदेश की आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति दे रही हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 47 लाख के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर चुकी है, जबकि कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने आगामी वर्ष हरिद्वार में होने वाले कुंभ महापर्व को लेकर भी नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद जताई।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ वेलनेस, एडवेंचर टूरिज्म, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि राज्य में आने वाला प्रत्येक पर्यटक यहां से यादगार अनुभव लेकर लौटे और उत्तराखंड का ब्रांड एंबेसेडर बने।

युवाओं और स्थानीय उत्पादों पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए राज्य में स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। इन्क्यूबेशन सेंटरों के साथ 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

होम-स्टे योजना और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से भी युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

10 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11 और 12 में पढ़ने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी। प्रथम चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा और इसके लिए सात करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने कहा कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन ने उत्तराखंड को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। महिला स्पोर्ट्स कॉलेज के साथ खेल विश्वविद्यालय के निर्माण पर भी कार्य किया जा रहा है।

महिला, किसान और विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, औद्यानिकी, विज्ञान एवं नवाचार और सुशासन के क्षेत्र में राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश की तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण, कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी और निःशुल्क नहर सिंचाई जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू की गई है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। साइंस एंड इनोवेशन सेंटर, लैब्स ऑन व्हील्स, डिजिटल लाइब्रेरी, पेटेंट इन्फॉर्मेशन सेंटर और स्टैम लैब्स जैसी पहलें विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा कर रही हैं।

अर्थव्यवस्था और रोजगार में बढ़ोतरी का दावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य का बजट एक लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर चुका है।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और राज्य में स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर करीब 1,750 हो गई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों के इंडेक्स में उत्तराखंड ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। सार्वजनिक वित्तीय प्रदर्शन सूचकांक और इंडिया इनोवेशन इंडेक्स में हिमालयी राज्यों की श्रेणी में राज्य को दूसरा स्थान मिला है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में एचीवर्स और स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर्स की श्रेणी प्राप्त हुई है। उत्तराखंड को लगातार चार वर्षों से ‘मोस्ट फिल्म फ्रेंडली स्टेट’ का सम्मान भी मिला है।

सख्त कानूनों और पारदर्शी भर्ती का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति जारी है।

उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जहां विकास के साथ विरासत, रोजगार के साथ पलायन का समाधान और आधुनिकता के साथ संस्कृति एवं पहचान की मजबूती सुनिश्चित हो।

CM Dhami Announces 7 Initiatives on Independence Day 2026

मुख्यमंत्री ने की सात बड़ी घोषणाएं

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मंच से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विकास, युवाओं, ग्रामीण क्षेत्रों और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

1. तीन पर्वतीय जिलों में विशेष औद्योगिक पार्क
चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर रहेगा।

2. प्रदेश में बनेगा पहला युवा आयोग
उत्तराखंड में प्रदेश के प्रथम युवा आयोग की स्थापना की जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं से जुड़े मुद्दों और उनकी आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ना होगा।

3. सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को अतिरिक्त प्रोत्साहन
सीमावर्ती गांवों के युवाओं, भूतपूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन दिया जाएगा।

4. वर्ग-3 और वर्ग-4 भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ेगी
वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा का विस्तार किया जाएगा और पात्र लोगों को भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।

5. प्रधानमंत्री आवास योजना में राज्यांश बढ़ेगा
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत राज्य सरकार का अंश 50 हजार रुपये से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।

6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए नई स्वरोजगार योजना
18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के सहयोग से निःशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।

7. इस वर्ष से मिलेगा बाल वीरता पुरस्कार
प्रदेश के बहादुर बच्चों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।

‘श्रेष्ठ उत्तराखंड’ के संकल्प को दोहराया

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों का सरकार पर विश्वास केवल राजनीतिक समर्थन नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार इस लक्ष्य को सिद्धि तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, शासन के सचिवगण, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।