छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 | Dehradun

0
10

Scholarship Application Deadline September 30, 2026 | Dehradun

छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर, पात्र विद्यार्थियों से समय पर आवेदन कराने के निर्देश

 

देहरादून, 03 सितंबर 2026।
शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए छात्रवृत्ति का लाभ लेने वाले पात्र छात्र-छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (NSP) पर छात्रवृत्ति आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। जिला समाज कल्याण विभाग ने जनपद के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्यों एवं प्राचार्यों को निर्देशित किया है कि संबंधित छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी पात्र विद्यार्थियों तक समय से पहुंचाई जाए और उनके ऑनलाइन आवेदन निर्धारित अंतिम तिथि से पहले पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही के कारण यदि कोई पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित रहता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान की तय की जाएगी।

इन वर्गों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

समाज कल्याण विभाग के अनुसार अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC), आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (EBC) तथा दिव्यांग वर्ग के पात्र छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिलाना विभाग की प्राथमिकता है।

शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए गए हैं कि वे पात्र विद्यार्थियों से आवेदन प्राप्त करने के साथ-साथ आवेदन पत्रों की जांच, सत्यापन और छात्रवृत्ति प्रक्रिया से संबंधित अन्य आवश्यक औपचारिकताएं भी निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करें। विभाग ने संस्थानों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि आवेदन प्रक्रिया के दौरान पात्र विद्यार्थियों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो।

आवेदन और पोर्टल संबंधी समस्याओं के समाधान के निर्देश

विभाग की ओर से छात्रवृत्ति आवेदन तथा राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल से जुड़ी तकनीकी अथवा अन्य समस्याओं के समाधान के लिए शिक्षण संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए हैं। विद्यार्थियों और संस्थानों की सुविधा के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन सहायता की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जा रही है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि 30 सितंबर की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और पात्र विद्यार्थियों के आवेदन जल्द से जल्द ऑनलाइन पूर्ण कराने के साथ उनका सत्यापन भी समय पर सुनिश्चित करें। विभाग का उद्देश्य है कि प्रक्रिया में देरी या लापरवाही के कारण कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रहे।