Teachers’ Day 2026: CM धामी ने शिक्षक दिवस पर डॉ. राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि, शिक्षकों को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

0
11

Teachers’ Day 2026: CM Dhami Pays Tribute to Dr. Radhakrishnan

शिक्षक दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने डॉ. राधाकृष्णन को किया नमन, शिक्षकों की भूमिका को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

 

On Teachers’ Day 2026, Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami paid tribute to Dr. Sarvepalli Radhakrishnan and highlighted teachers’ role in nation building.

 

देहरादून, 05 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में महान शिक्षाविद्, दार्शनिक और पूर्व राष्ट्रपति ‘भारत रत्न’ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया। मुख्यमंत्री ने डॉ. राधाकृष्णन के शिक्षा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के क्षेत्र में दिए गए योगदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आज भी प्रासंगिक बताया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जीवन भारतीय शिक्षा, संस्कृति और मानवीय मूल्यों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देश की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने के साथ ही शिक्षकों और विद्यार्थियों को निरंतर प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और जीवन-मूल्यों का विकास भी करते हैं। शिक्षक नई पीढ़ी को सही दिशा प्रदान कर उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राष्ट्र की मजबूत नींव उसके शिक्षित और संस्कारित नागरिकों से तैयार होती है। ऐसे में राष्ट्र एवं समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं देश के विकास में कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके समर्पण, परिश्रम एवं योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों द्वारा नई पीढ़ी को ज्ञान, संस्कार और जीवन-मूल्यों से समृद्ध करने का कार्य समाज के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला तैयार करता है।