सेवा संकल्प अभियान 2026: 15 सितंबर से देहरादून में होगा आयोजन

0
7

Seva Sankalp Abhiyan 2026 to Begin from September 15 in Dehradun

15 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, स्वच्छता, स्वास्थ्य, नवाचार और जनभागीदारी पर रहेगा जोर

Dehradun will host Seva Sankalp Abhiyan from September 15 to October 18, featuring cleanliness, health, environment, innovation and public participation activities.

18 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में ‘भारत 2047’, ‘नमो 25 गाथा’, ‘प्रगति के 25 स्तंभ’ और ‘Project 25-25-25’ सहित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

देहरादून।
देहरादून जनपद में 15 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का व्यापक आयोजन किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों से नागरिकों को जोड़ने के साथ-साथ सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों में आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में रेखीय विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, विभिन्न गतिविधियों और जनभागीदारी बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विभिन्न थीम पर आयोजित होंगे कार्यक्रम

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान ‘भारत 2047’, ‘सेवा और सपना’, ‘नमो 25 गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘25 साल-25 कहानियां’ और ‘जन कल्याण संवाद’ जैसी विभिन्न थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

शिक्षण संस्थानों में ‘विकसित भारत’ की थीम पर निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, ‘नमो 25 गाथा’ के अंतर्गत प्रेरणादायी बहुभाषी नाटकों का मंचन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

सरकारी संस्थानों से धार्मिक स्थलों तक चलेगा स्वच्छता अभियान

अभियान के प्रथम चरण में सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, नगर निकायों, अस्पतालों, धार्मिक स्थलों और ग्राम पंचायतों में विशेष सघन स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने वाली गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और कृतित्व से संबंधित पुस्तकों के वितरण की व्यवस्था भी की जाएगी।

युवाओं को नवाचार और तकनीक से जोड़ने पर विशेष जोर

अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए हैकाथॉन, इनोवेशन चैलेंज और शॉर्ट फिल्म निर्माण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मकता, तकनीकी क्षमता और नवाचार को प्रोत्साहित करना है।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा दिवस’ के अवसर पर भव्य रिले मैराथन का आयोजन किया जाएगा। इसमें अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

‘रंगोली राष्ट्र’ से दिखेगी भारत और उत्तराखंड की विकास यात्रा

17 सितंबर को ‘रंगोली राष्ट्र’ कार्यक्रम के माध्यम से विशाल रंगोलियों के जरिए भारत और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत तथा विकास यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा।

वहीं, 7 से 17 अक्टूबर तक ‘प्रगति के 25 स्तंभ’ कार्यक्रम के तहत प्रोजेक्शन मैपिंग, लाइट शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की प्रमुख विकास परियोजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

इनमें केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, लखवाड़ बांध और जमरानी बांध जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल होंगी।

‘Project 25-25-25’ के जरिए रोज 25 मिनट देश के नाम

अभियान का एक प्रमुख आकर्षण ‘Project 25-25-25’ होगा। इसके तहत नागरिकों को प्रतिदिन कम से कम 25 मिनट देश के नाम समर्पित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस दौरान स्वच्छता, वृक्षारोपण, डिजिटल साक्षरता सहित विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में नागरिकों को भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त बहुद्देशीय एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए जाएंगे। साथ ही रक्तदान शिविर आयोजित करने और अस्पतालों में मरीजों को फल वितरित करने जैसी सेवा गतिविधियां भी की जाएंगी।

गांधी जयंती पर स्वदेशी और ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश

2 अक्टूबर को महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नागरिकों को स्वदेशी एवं खादी अपनाने की शपथ दिलाई जाएगी। विद्यालयों में ‘फिट इंडिया’ से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करने के साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की सभी गतिविधियों की समयबद्ध तैयारी, प्रभावी क्रियान्वयन और व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी से ‘सेवा संकल्प अभियान’ को एक प्रभावी जन-अभियान का स्वरूप दिया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, जिला सूचना अधिकारी प्रियंका जोशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।