पं. गोविंद बल्लभ पंत जयंती पर डीएम का जनसेवा का संदेश

0
12

Govind Ballabh Pant Jayanti: DM’s Message on Public Service

पं. गोविंद बल्लभ पंत के आदर्शों को आत्मसात कर जनसेवा के दायित्वों का ईमानदारी से करें निर्वहन: डीएम

 

On Govind Ballabh Pant Jayanti, Dehradun DM Ashish Chauhan urged officials and citizens to uphold Pant’s ideals and discharge public duties with integrity.

 

देहरादून, 10 सितंबर 2026। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, भारत रत्न, देश के पूर्व गृहमंत्री एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती के अवसर पर देहरादून कलेक्ट्रेट परिसर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पं. गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कार्मिकों ने पं. गोविंद बल्लभ पंत के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, सामाजिक उत्थान, साहित्य एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि पंत जी का जीवन देश और समाज के प्रति समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा तथा जनसेवा की भावना का प्रेरणादायी उदाहरण है।

पं. पंत के आदर्शों से प्रेरणा लेकर करें जनसेवा

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत बहुआयामी प्रतिभा के धनी, प्रखर चिंतक, दूरदर्शी एवं कुशल राजनेता थे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी उन्होंने आदर्श जनप्रतिनिधि एवं कुशल प्रशासक के रूप में समाज और राष्ट्र के विकास में उल्लेखनीय योगदान दिया।

उन्होंने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत के विचार, आदर्श और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण आज भी समाज और प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वर्तमान समय में आवश्यकता है कि प्रत्येक नागरिक उनके जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेते हुए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करे।

डीएम ने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं स्वतंत्रता को मजबूत बनाए रखने में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना ही पं. गोविंद बल्लभ पंत के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जनहित और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश

जिलाधिकारी डॉ. चौहान ने कहा कि जिलाधिकारी कार्यालय जनसेवा की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण संस्थान है। शासन की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ जनता की समस्याओं, अपेक्षाओं और सुझावों को शासन तक पहुंचाने में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।

उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने दायित्वों का पारदर्शिता, संवेदनशीलता, निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक कार्यों में जनता के प्रति जवाबदेही और संवेदनशील दृष्टिकोण बनाए रखना सुशासन की मूल भावना है।

युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से जोड़ना जरूरी

जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास और आजादी के महत्व से युवा पीढ़ी को अवगत कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की जानकारी युवाओं को अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करती है।

उन्होंने युवाओं से पं. गोविंद बल्लभ पंत जैसे महान राष्ट्रनायकों के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश एवं समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) स्मृता परमार, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, एसडीएम रविन्द्र ज्वांठा सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।