Dehradun Job Fair: 200+ Youths Selected, 19 Get Dubai Jobs
एक दिवसीय रोजगार मेले में 200 से अधिक युवाओं का चयन, 19 युवाओं को दुबई में रोजगार का अवसर
More than 200 youths were selected at a Dehradun job fair, including 19 selected for employment in Dubai’s construction sector.

देहरादून, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला प्रशासन देहरादून की ओर से आयोजित एक दिवसीय रोजगार मेले में युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध कराए गए। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में आयोजित इस रोजगार मेले में 20 से अधिक निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में 200 से अधिक युवाओं का विभिन्न रोजगार अवसरों के लिए चयन किया गया।
रोजगार मेले में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत दुबई के कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार के लिए 19 युवाओं का चयन किया गया। विदेश में रोजगार के अवसर को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर के लिए 300 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया।

53 युवाओं का ऑन-द-स्पॉट चयन, 149 दूसरे चरण के लिए चयनित
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में युवाओं को उनकी योग्यता, कौशल और दक्षता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि मेले में 53 युवाओं का विभिन्न कंपनियों में ऑन-द-स्पॉट चयन किया गया, जबकि 149 युवाओं को चयन प्रक्रिया के द्वितीय चरण के लिए चयनित किया गया।
उन्होंने बताया कि दुबई के कंस्ट्रक्शन सेक्टर में रोजगार के लिए चयनित 19 युवाओं को मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के माध्यम से वैश्विक स्तर पर रोजगार का अवसर प्राप्त होगा।
600 से अधिक युवाओं ने निजी कंपनियों में रोजगार के लिए कराया पंजीकरण
रोजगार मेले में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इनफॉरमेशन सिस्टम लिमिटेड गुरुग्राम, मेंटर वाटर एक्सपर्ट, बजाज कैपिटल और स्काई विंग एडवाइजर प्राइवेट लिमिटेड सहित विभिन्न निजी कंपनियों ने रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। इन कंपनियों में रोजगार के लिए 600 से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया।
रोजगार मेले में देहरादून के अलावा अन्य जनपदों से भी युवा पहुंचे। युवाओं ने अपनी शैक्षिक योग्यता, कौशल और अनुभव के अनुरूप विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया तथा कंपनियों की चयन प्रक्रिया में प्रतिभाग किया।
युवाओं ने प्रदेश सरकार का जताया आभार
टिहरी गढ़वाल से रोजगार मेले में पहुंचे फारसराम भट्ट ने रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के रोजगार मेलों से युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न कंपनियों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा एवं योग्यता के अनुरूप रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
जिला प्रशासन एवं सेवायोजन विभाग के अनुसार, ऐसे रोजगार मेलों का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, निजी क्षेत्र की कंपनियों और रोजगार तलाश रहे युवाओं के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना तथा राज्य के युवाओं को देश-विदेश में रोजगार के अवसरों से जोड़ना है।






