मुख्यमंत्री धामी से मिले राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह, भारतीय क्रिकेट में योगदान की सराहना की

0
16

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से राज्यसभा सांसद एवं पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह ने की शिष्टाचार भेंट

 

मुख्यमंत्री आवास में हुई मुलाकात, भारतीय क्रिकेट में हरभजन सिंह के योगदान और उपलब्धियों की सराहना की

 

मुख्यमंत्री ने कहा- युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है हरभजन सिंह का खेल जीवन और समर्पण

 

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में राज्यसभा सांसद एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज स्पिन गेंदबाज हरभजन सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरभजन सिंह का स्वागत करते हुए भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान, खेल के प्रति समर्पण और शानदार उपलब्धियों की सराहना की।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरभजन सिंह ने अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी और असाधारण खेल प्रतिभा के दम पर विश्व क्रिकेट में एक विशिष्ट पहचान बनाई है। भारतीय क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हरभजन सिंह का संघर्ष, अनुशासन, मेहनत और खेल के प्रति समर्पण देश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल जगत में अपनी प्रतिभा और उपलब्धियों से अलग पहचान बनाने वाले खिलाड़ी युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देते हैं।

 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।