Kashipur, Rudrapur Top Swachh Survekshan 2025-26 | CM Dhami
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में काशीपुर और रुद्रपुर का शानदार प्रदर्शन, मुख्यमंत्री धामी ने दी बधाई
काशीपुर ने उत्तराखण्ड में हासिल किया पहला स्थान, रुद्रपुर बना हिमालयी राज्यों में अव्वल
मुख्यमंत्री बोले- दोनों शहरों की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गौरव, अन्य नगर निकाय भी अपनाएं बेहतर स्वच्छता प्रबंधन की कार्यप्रणाली
देहरादून। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखण्ड के काशीपुर और रुद्रपुर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है। काशीपुर को राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जबकि रुद्रपुर ने हिमालयी राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों शहरों के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वच्छता कर्मियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में काशीपुर के महापौर दीपक बाली और रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत दोनों नगर निकायों को मिली उपलब्धियों की जानकारी दी। इस दौरान शहरी विकास विभाग के निदेशक विनोद गोस्वामी, काशीपुर के नगर आयुक्त रवीन्द्र बिष्ट, रुद्रपुर की नगर आयुक्त शिप्रा जोशी तथा स्वच्छ भारत मिशन 2.0 के राज्य मिशन प्रबंधक मनोज पांडे भी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान उत्तराखण्ड के काशीपुर को राज्य की श्रेणी में प्रथम पुरस्कार तथा रुद्रपुर को हिमालयी राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान मिला। दोनों शहरों को यह सम्मान शहरी स्वच्छता, प्रभावी स्वच्छता प्रबंधन और नगर निकायों की कार्यप्रणाली में किए गए उल्लेखनीय सुधारों के लिए प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि काशीपुर और रुद्रपुर को मिली यह उपलब्धि केवल दो शहरों की सफलता नहीं है, बल्कि पूरे उत्तराखण्ड के लिए गौरव और सम्मान का विषय है। यह सम्मान जनप्रतिनिधियों, नगर प्रशासन, स्वच्छता कर्मियों और स्थानीय नागरिकों के साझा प्रयासों, समर्पण तथा स्वच्छता के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में संचालित स्वच्छ भारत मिशन ने देशभर में स्वच्छता को एक व्यापक जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। उत्तराखण्ड सरकार भी इसी भावना के अनुरूप प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, स्वस्थ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल सरकारी योजनाओं अथवा नगर निकायों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के दैनिक जीवन और सामूहिक व्यवहार का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए। शहरों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए प्रभावी कचरा प्रबंधन, अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण, आधुनिक स्वच्छता सुविधाओं का विकास और सार्वजनिक स्थानों की नियमित साफ-सफाई बेहद आवश्यक है।
उन्होंने नगर निकायों से जनभागीदारी को और मजबूत बनाने तथा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में स्थायी सुधार तभी संभव है, जब प्रशासन के साथ आम नागरिक भी अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री धामी ने काशीपुर और रुद्रपुर की सफलता को प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि सभी शहरी स्थानीय निकायों को इन शहरों के अनुभवों से सीख लेकर अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करना चाहिए। इसके लिए आपसी समन्वय, नवाचार, बेहतर प्रबंधन और आधुनिक तकनीकों का उपयोग आवश्यक है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के सभी नगर निकाय सामूहिक प्रयासों से स्वच्छता के मानकों को और बेहतर बनाएंगे तथा उत्तराखण्ड के शहर स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सतत शहरी विकास के क्षेत्र में देश के लिए अनुकरणीय उदाहरण बनेंगे।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को दोनों नगर निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, प्रभावी अपशिष्ट प्रबंधन और आगामी स्वच्छ सर्वेक्षणों में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी।
इस दौरान सचिव नितेश झा भी उपस्थित रहे।




