मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को सिख समुदाय ने दी ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ की उपाधि

0
12

CM Dhami Gets ‘Sher-e-Uttarakhand’ Title

 

मुख्यमंत्री धामी को सिख समुदाय ने दी ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ की उपाधि, गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर किया सम्मानित

 

गुरुद्वारा गोविंदनगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने टेका मत्था, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

 

प्रेम, समानता, मानवता और निःस्वार्थ सेवा का संदेश देती हैं गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं : मुख्यमंत्री धामी

 

धार्मिक आयोजन में अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने श्रद्धालुओं को सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

 

देहरादून।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को गुरु नानक देव जी महाराज के प्रथम प्रकाश पर्व (गुरुपर्व) के अवसर पर सिख समुदाय की ओर से ‘शेर-ए-उत्तराखण्ड’ की उपाधि से सम्मानित किया गया। मंगलवार, 24 नवंबर को देहरादून के रेसकोर्स स्थित गुरुद्वारा गोविंदनगर में आयोजित भव्य एवं श्रद्धापूर्ण कार्यक्रम में सिख समुदाय के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने मुख्यमंत्री को यह सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रतिभाग कर गुरु नानक देव जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और मत्था टेककर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव, एकता और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने गुरु नानक देव जी महाराज के जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाओं का स्मरण करते हुए कहा कि उनका संपूर्ण जीवन मानवता की सेवा, समानता, प्रेम, सद्भाव और निःस्वार्थ सेवा का संदेश देता है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट रहने तथा मानव कल्याण के लिए कार्य करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के आदर्श वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को सही दिशा प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष बलजीत सोनी एवं सिख समुदाय के तत्वावधान में किया गया। आयोजन में श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के बताए प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

 

श्रद्धालुओं को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की ओर से जन-जागरूकता अभियान भी संचालित किया गया। विभागीय प्रतिनिधियों ने गुरुद्वारा परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न रोजगारपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान योजनाओं से संबंधित ब्रोशर एवं प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई तथा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस पहल का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग और विशेष रूप से जरूरतमंद एवं पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को भी जन-जागरूकता का माध्यम बनाया जा रहा है।

इस अवसर पर उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक आयोग के सचिव बरकत अली, संजय रावत, दीपा, शमा, प्रतीक, कमल सिंह एवं प्रमोद सहित विभागीय प्रतिनिधि, सिख समुदाय के गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।