Dehradun Names PwD Icons for Uttarakhand Elections 2027
विधानसभा चुनाव-2027: शत-प्रतिशत मतदान के लिए देहरादून में दो दिव्यांगजन आइकॉन नामित
रोहन शर्मा और नीरजा गोयल संभालेंगे मतदाता जागरूकता की जिम्मेदारी, दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने पर रहेगा विशेष जोर
दिव्यांगजनों को मतदान के लिए प्रेरित करने के साथ सुगम, सुलभ और समावेशी मतदान व्यवस्था के प्रति भी करेंगे जागरूक
देहरादून। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 में शत-प्रतिशत मतदान का लक्ष्य हासिल करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए देहरादून जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। इसके तहत जिला समाज कल्याण अधिकारी, देहरादून द्वारा रोहन शर्मा और नीरजा गोयल को दिव्यांगजन आइकॉन (PwDs Icons) नामित किया गया है। दोनों आइकॉन जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान को गति देने के साथ दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करेंगे।
नामित दिव्यांगजन आइकॉन रोहन शर्मा नेहरू कॉलोनी, देहरादून के निवासी हैं और पेशे से रेडियो जॉकी हैं। अपने प्रभावशाली संवाद, संचार कौशल और जनसंपर्क के माध्यम से वह आमजन तक मतदान का महत्व पहुंचाएंगे। वहीं, ऋषिकेश निवासी नीरजा गोयल दिव्यांगजन आइकॉन के रूप में दिव्यांग मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रोत्साहित करेंगी।
दोनों आइकॉन विधानसभा निर्वाचन-2027 के दौरान जनपद के नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करने तथा शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उनका विशेष ध्यान दिव्यांग मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करने पर रहेगा।
दिव्यांग मतदाताओं के लिए सुगम मतदान पर जोर
इस पहल का उद्देश्य केवल मतदान प्रतिशत बढ़ाना ही नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि कोई भी दिव्यांग मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए दिव्यांगजनों को मतदान केंद्रों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं, सुलभ मतदान प्रक्रिया और समावेशी व्यवस्थाओं की जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के सहयोग से दिव्यांग मतदाताओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक मतदाता की सक्रिय भागीदारी से सुनिश्चित होती है। दिव्यांगजन भी समाज का अभिन्न और महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भागीदारी बढ़ने से लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक सशक्त होगी।
उन्होंने बताया कि विधानसभा निर्वाचन-2027 में शत-प्रतिशत मतदान के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए जनपद में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके माध्यम से सभी वर्गों के मतदाताओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा और दिव्यांग मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
जिला प्रशासन देहरादून ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाएं। प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र मतदाता मतदान प्रक्रिया से जुड़े और कोई भी नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।




