Uttarakhand Disaster Preparedness: उत्तराखण्ड में 28 नवंबर को 300 स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल, 13 जिलों में परखी जाएगी आपदा प्रबंधन की तैयारी

0
3

Uttarakhand Disaster Mock Drill on November 28 at 300 Locations

 

उत्तराखण्ड में 28 नवंबर को 13 जिलों में होगी राज्यव्यापी मॉक ड्रिल, 300 स्थानों पर परखी जाएगी आपदा से निपटने की तैयारी

 

Uttarakhand will conduct a statewide disaster mock drill on November 28 at 250–300 locations across 13 districts to assess emergency response and preparedness.

देहरादून:  उत्तराखण्ड में आपदाओं से निपटने की तैयारियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय मजबूत करने के उद्देश्य से राज्यव्यापी स्तर पर आपदा प्रबंधन अभ्यास शुरू हो गया है। सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता की वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत बुधवार को राज्य स्तरीय टेबल टॉप एक्सरसाइज आयोजित की गई। इसमें प्रदेश के सभी 13 जनपदों के अधिकारियों एवं संबंधित विभागों ने प्रतिभाग कर आपदा प्रतिक्रिया तंत्र की तैयारियों, संसाधनों और कार्ययोजनाओं की समीक्षा की।

उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में आयोजित इस अभ्यास की अध्यक्षता सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने की। अभ्यास के दौरान विभिन्न संभावित आपदा परिस्थितियों को आधार बनाकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की पूर्व तैयारियों, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, आपसी समन्वय, आपातकालीन संचार व्यवस्था, राहत एवं बचाव कार्यों तथा कमांड एवं नियंत्रण प्रणाली का आकलन किया गया।

 

आपदा की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और समन्वय पर जोर

टेबल टॉप एक्सरसाइज के दौरान अधिकारियों को अलग-अलग आपदा परिदृश्य दिए गए। उनसे यह जानकारी ली गई कि किसी आपात स्थिति में सूचना मिलने के बाद किस प्रकार संबंधित एजेंसियां सक्रिय होंगी, राहत एवं बचाव दलों की तैनाती कैसे की जाएगी और प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए क्या कार्ययोजना अपनाई जाएगी।

इसके साथ ही घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, राहत सामग्री पहुंचाने, आवश्यक संसाधन जुटाने और अन्य संबंधित एजेंसियों को सक्रिय करने की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि टेबल टॉप एक्सरसाइज का उद्देश्य केवल आपदा प्रबंधन योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि वास्तविक आपदा के दौरान प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की प्रतिक्रिया क्षमता का व्यावहारिक आकलन करना है। आपदा के समय कुछ मिनट भी जीवन बचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इसलिए प्रत्येक जनपद में यह स्पष्ट होना चाहिए कि सूचना मिलने के बाद कौन-सी एजेंसी क्या जिम्मेदारी निभाएगी, संसाधन कहां से उपलब्ध होंगे और घटनास्थल पर कमांड एवं नियंत्रण व्यवस्था किस प्रकार संचालित होगी।

उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान ने साबित किया कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मजबूत आपसी समन्वय, स्पष्ट जिम्मेदारियां, विशेषज्ञता, त्वरित निर्णय और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग जीवन बचाने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इसी अनुभव को प्रदेश की आपदा प्रतिक्रिया प्रणाली में और अधिक मजबूत बनाने के लिए टेबल टॉप एक्सरसाइज और मॉक ड्रिल आयोजित की जा रही हैं।

 

28 नवंबर को 250 से 300 स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल

सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि टेबल टॉप एक्सरसाइज के बाद 28 नवंबर को प्रदेश के सभी 13 जनपदों में राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास राज्य स्तर से लेकर तहसील एवं स्थानीय स्तर तक संचालित होगा। इसके तहत लगभग 250 से 300 स्थानों पर एक साथ विभिन्न आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया जाएगा।

उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदा संवेदनशीलता को देखते हुए मॉक ड्रिल में भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF), हिमस्खलन, अतिवृष्टि, नदियों का जलस्तर बढ़ना और जंगलों में आग लगने जैसी परिस्थितियों को शामिल किया जाएगा।

इसके अलावा टनल दुर्घटना, सड़क हादसा, भवन क्षति, आगजनी, औद्योगिक एवं विद्युत दुर्घटना, रासायनिक आपदा, बांध या जलाशय से अचानक पानी छोड़े जाने, हेली इमरजेंसी तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी आपात स्थितियों में राहत एवं बचाव कार्यों का भी परीक्षण किया जाएगा।

 

राहत शिविरों में बिजली, पानी और चिकित्सा सुविधाओं की होगी जांच

मॉक ड्रिल के दौरान आपदा प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविरों की स्थापना और उनके संचालन का भी अभ्यास किया जाएगा। इन शिविरों में बिजली, स्वच्छ पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण होगा।

विशेष रूप से बच्चों के लिए शिशु आहार तथा गर्भवती महिलाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। राहत शिविरों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस एवं होमगार्ड के जवानों की तैनाती का अभ्यास भी किया जाएगा।

 

आपदा प्रबंधन में स्थानीय समुदाय की भागीदारी होगी अहम

इस बार की मॉक ड्रिल में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। सचिव सुमन ने कहा कि किसी भी आपदा के दौरान स्थानीय समुदाय सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वाली इकाई होता है। इसलिए समुदाय को केवल जागरूक करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे प्रशिक्षित और आपातकालीन परिस्थितियों में प्रारंभिक सहायता देने के लिए सक्षम बनाना भी जरूरी है।

इसी उद्देश्य से मॉक ड्रिल में पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस, रेड क्रॉस तथा अन्य स्थानीय स्वयंसेवी समूहों को शामिल किया जाएगा।

 

SDRF, NDRF और अन्य एजेंसियां दिखाएंगी आधुनिक उपकरण

मॉक ड्रिल के दौरान विभिन्न आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की ओर से आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों, संचार प्रणालियों तथा आपदा प्रतिक्रिया वाहनों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

इसमें राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF), पुलिस, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभाग अपने आधुनिक उपकरणों एवं संसाधनों का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही इन उपकरणों के संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों में उनके उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास भी किया जाएगा।

 

सरकारी कार्यालयों और विद्यालयों में भी चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम

राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत सरकारी कार्यालयों में भी आपदा सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है। कार्यालयों में संभावित जोखिमों की पहचान, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और कर्मचारियों की तैयारी का आकलन किया जा रहा है।

विद्यालयों में भी आपदा सुरक्षा को लेकर मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों के बीच वाद-विवाद, निबंध, पोस्टर, स्लोगन एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है।

इसके अलावा विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय समुदाय के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां, जनसंपर्क अभियान और नुक्कड़ नाटकों का आयोजन भी किया जा रहा है।

 

सिल्क्यारा रेस्क्यू अभियान की सीख को तैयारी में बदलने का प्रयास

सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि 28 नवंबर केवल सिल्क्यारा टनल रेस्क्यू अभियान की सफलता को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि प्रदेश की आपदा प्रबंधन तैयारियों को परखने और उन्हें और अधिक मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण दिन भी है।

उन्होंने सभी जिलाधिकारियों, संबंधित विभागों और प्रतिभागी एजेंसियों को मॉक ड्रिल पूरी गंभीरता से आयोजित करने तथा स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की कि वे मॉक ड्रिल को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लें और प्रशासन एवं बचाव दलों का पूरा सहयोग करें।

इस अवसर पर अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, जया बलूनी, डिप्टी कमांडेंट जनरल राजीव बलूनी, एसके राणा, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा सहित विभिन्न विभागों एवं जनपदों के अधिकारी उपस्थित रहे।