धामी सरकार का पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी, 36 हजार युवाओं को नौकरी और 3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी

0
7

Uttarakhand Government’s 5-Year Report Card Released by CM Dhami

 

धामी सरकार के पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी, विकास और जनकल्याण की उपलब्धियों का पेश किया ब्यौरा

 

Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami releases the government’s five-year report card, highlighting 36,000 jobs, women’s empowerment, healthcare, investment, tourism and infrastructure development.

 

36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी, 3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी; निवेश, स्वास्थ्य, शिक्षा और कनेक्टिविटी में प्रगति का दावा

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए : मुख्यमंत्री

 

देहरादून, 26 नवंबर 2026।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी, देहरादून स्थित एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों पर आधारित रिपोर्ट कार्ड का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, पर्यटन, उद्योग, निवेश, ऊर्जा, आधारभूत संरचना, कानून व्यवस्था और आपदा प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियों एवं विकास कार्यों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उत्तराखण्ड ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य सरकार ने योजनाओं की घोषणा तक सीमित रहने के बजाय उनके प्रभावी क्रियान्वयन और लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन तथा केंद्र एवं राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से प्रदेश में विकास परियोजनाओं को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध उत्तराखण्ड का निर्माण राज्य सरकार का लक्ष्य है। सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों और समाज के कमजोर वर्गों को केंद्र में रखकर विकास की नीतियों को आगे बढ़ा रही है।

 

रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेशों में रोजगार प्राप्त हुआ है।

मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।

शिक्षा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभान्वित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बन चुका है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण भी किया जा रहा है।

 

महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया गया है। प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। देवभूमि परिवार योजना के तहत महिलाओं को परिवार के मुखिया के रूप में मान्यता दी गई है।

महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखण्ड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित करते हुए 70,767 स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया है।

स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज की बिक्री छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटियों के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं कक्षा उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियां इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लगभग 10 लाख लाभार्थियों को प्रतिमाह करीब 148 करोड़ रुपये की धनराशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही है।

 

किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की पहल

मुख्यमंत्री ने बताया कि किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई है।

मंडुआ की खरीद के लिए 5,200 रुपये प्रति कुंतल की दर निर्धारित की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को प्रोत्साहित करने के लिए पॉलीहाउस निर्माण पर 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। एप्पल, कीवी और ड्रैगन फ्रूट मिशन के साथ महक क्रांति के माध्यम से सुगंधित फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को जीआई टैग के माध्यम से नई पहचान मिल रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शहरी क्षेत्रों में 53 हजार से अधिक तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जल्द ही 50 हजार अतिरिक्त आवासों का निर्माण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना के माध्यम से 6,500 से अधिक लोगों की गांवों में वापसी हुई है। अंत्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना के तहत लगभग पौने दो लाख परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडरों की निःशुल्क रिफिलिंग की सुविधा दी जा रही है।

 

निवेश और औद्योगिक विकास को मिली नई गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए थे। इनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं।

खुर्पिया फार्म में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर के अंतर्गत स्मार्ट इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि नीति आयोग के एसडीजी इंडेक्स 2023-24 में उत्तराखण्ड ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य को टॉप अचीवर्स तथा स्टार्टअप इकोसिस्टम में लीडर्स श्रेणी में स्थान मिला है। निवेश आकर्षण सूचकांक-2026 में भी उत्तराखण्ड ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया है।

 

स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, आयुष्मान योजना से लाखों को लाभ

स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है।

प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें से तीन पिछले पांच वर्षों के दौरान शुरू किए गए हैं। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर का निर्माण अंतिम चरण में है। एम्स ऋषिकेश से हेली एम्बुलेंस सेवा संचालित की जा रही है, जबकि हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

इसके अतिरिक्त प्रदेश के नागरिकों को 207 प्रकार की पैथोलॉजी जांचों की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

 

समान नागरिक संहिता और सख्त कानूनों से सुशासन की पहल

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड आजादी के बाद समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। प्रदेश में 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता लागू की गई है।

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। इसमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।

राज्य में धर्मांतरण विरोधी कानून को और सख्त बनाया गया है तथा दंगारोधी कानून लागू किया गया है। सख्त भू-कानून के तहत प्रदेश के 11 जनपदों में राज्य से बाहर के व्यक्तियों द्वारा कृषि एवं बागवानी भूमि की खरीद पर प्रतिबंध लगाया गया है।

अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया है। उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन और प्रशासन को आम जनता के करीब लाने का प्रयास किया गया है। आगामी माह में इस अभियान के तहत फिर से शिविर आयोजित किए जाएंगे। अपणि सरकार पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

 

सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में बड़े निवेश

मुख्यमंत्री ने बताया कि लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण पूरा हो चुका है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना पर कार्य जारी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

प्रदेश में करीब 39 हजार करोड़ रुपये की रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है और 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। केदारनाथ और हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है।

देहरादून-मसूरी रोपवे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। देहरादून एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का विस्तार किया गया है। पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 524.78 एकड़ भूमि हस्तांतरित की गई है। प्रदेश में हेली रूट, हेलीपोर्ट और हेलीपैड की संख्या भी बढ़ाई गई है।

देहरादून में रिस्पना और बिंदाल कॉरिडोर के निर्माण को मंजूरी मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीन चरणों में 11,595 करोड़ रुपये की लागत से 2,826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है।

ऋषिकेश बाईपास परियोजना के लिए 1,105 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून से दिल्ली और देहरादून से लखनऊ के लिए वंदे भारत रेल सेवाएं भी शुरू की गई हैं।

 

पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास पर विशेष फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि चारधाम यात्रा के साथ प्रदेश में शीतकालीन यात्रा को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जिससे स्थानीय कारोबार, रोजगार और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लाभ मिला है।

मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। हरिद्वार-ऋषिकेश, विवेकानंद, गोल्ज्यू, यमुना और शारदा कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

प्रदेश की 83 पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण के लिए खोला गया है तथा 100 ट्रैकिंग और हाइकिंग रूट चिह्नित किए गए हैं। ऋषिकेश में 100 करोड़ रुपये की लागत से राफ्टिंग बेस स्टेशन विकसित किया जा रहा है।

वेडिंग डेस्टिनेशन, योग और वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष नीतियां बनाई गई हैं। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक तथा नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

 

ऊर्जा और पेयजल परियोजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति

मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी में एक हजार मेगावाट क्षमता वाली वेरिएबल स्पीड पंप्ड स्टोरेज परियोजना की चारों इकाइयों ने वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। व्यासी जलविद्युत परियोजना से 120 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जा रहा है।

किसाऊ बांध परियोजना को लेकर वर्षों बाद सहमति बनी है और छह राज्यों के बीच समझौता किया गया है। मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के तहत 1,132 सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं।

जल जीवन मिशन के अंतर्गत 16,555 में से 15,540 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं। वहीं 14.48 लाख में से 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। सौंग और जमरानी बांध परियोजनाओं का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है। लखवाड़ बांध परियोजना पर भी तेजी से कार्य किया जा रहा है।

 

ग्रामीण और शहरी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 264.50 करोड़ रुपये की केंद्रीय प्रोत्साहन राशि प्राप्त हुई है। प्रदेश की 7,817 ग्राम पंचायतों में से 5,972 में पंचायत भवन अथवा पंचायत सचिवालय की सुविधा उपलब्ध है।

पंचायत भवनों के निर्माण के लिए अनुदान राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये की गई है। वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अंतर्गत 51 गांवों में 270 करोड़ रुपये की लागत से लगभग 200 परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है।

वन्यजीवों के हमले में मृत्यु होने पर प्रभावित परिवार को दी जाने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। वन्यजीव हमलों में घायल व्यक्तियों के उपचार का खर्च भी राज्य सरकार वहन कर रही है।

 

आपदा प्रबंधन और राहत-बचाव कार्यों को मिली प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में राज्य सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को 17 दिन बाद सुरक्षित बाहर निकालना, वर्ष 2024 में केदारनाथ क्षेत्र से 15 हजार से अधिक लोगों का रेस्क्यू तथा अगस्त 2025 में थराली और हर्षिल क्षेत्रों में संचालित राहत एवं बचाव अभियान राज्य की आपदा प्रतिक्रिया क्षमता के उदाहरण हैं।

भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों के उपचार के लिए केंद्र सरकार से 461 करोड़ रुपये तथा आपदा न्यूनीकरण के लिए 113.90 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है। वसुंधरा ताल क्षेत्र में ग्लेशियल झील से उत्पन्न होने वाले संभावित खतरे की निगरानी के लिए अर्ली वार्निंग सेंसर लगाए जा रहे हैं।

 

खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए नई सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक हासिल किए।

हल्द्वानी के गौलापार में राज्य खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की दिशा में कार्य किया गया है। प्रदेश के आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां संचालित हैं, जहां प्रतिवर्ष 920 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पात्र खिलाड़ियों के लिए सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत आठ से 14 वर्ष आयु वर्ग के 3,900 बच्चों को प्रतिमाह 1,500 रुपये की छात्रवृत्ति दी जा रही है।

 

केंद्र के सहयोग से विकास परियोजनाओं को गति

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में विभिन्न विकास परियोजनाओं को गति मिली है। हल्द्वानी के रानीबाग स्थित एचएमटी की 45.33 एकड़ भूमि राज्य सरकार को हस्तांतरित की गई है।

केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, ऊर्जा, पर्यटन और औद्योगिक विकास से जुड़ी परियोजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

 

कोविड प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड-19 की पहली और दूसरी लहर के दौरान प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।

पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र के लिए 200 करोड़ रुपये, चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ रुपये तथा महिला स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार के लिए 118 करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। महामारी के दौरान माता-पिता को खोने वाले बच्चों के संरक्षण और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना शुरू की गई।

 

राज्य आंदोलनकारियों और अग्निवीरों के कल्याण के लिए निर्णय

मुख्यमंत्री ने कहा कि चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किया गया है।

शहीद राज्य आंदोलनकारियों के परिवारों की मासिक पेंशन तीन हजार रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये, जेल गए एवं घायल आंदोलनकारियों की पेंशन छह हजार रुपये से बढ़ाकर सात हजार रुपये तथा सक्रिय आंदोलनकारियों की पेंशन 4,500 रुपये से बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रतिमाह की गई है।

राज्य आंदोलनकारियों के अधिकतम दो बच्चों को स्कूल और कॉलेज में निःशुल्क शिक्षा तथा आंदोलनकारियों को उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। अग्निवीरों के हितों और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए अग्निवीर सेल का भी गठन किया गया है।

 

विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड बनाने का संकल्प

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प उत्तराखण्ड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना है। सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा युवाओं, महिलाओं, किसानों और कमजोर वर्गों के लिए नए अवसर सृजित करना है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्रीगण, विधायकगण, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।