राज्यपाल ने आपदा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देहरादून कार्मिकों को किया सम्मानित

0
6

Governor Honours Dehradun Personnel for Outstanding Disaster Management

राज्यपाल ने आपदा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले देहरादून के कार्मिकों को किया सम्मानित

देहरादून:
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज लोक भवन में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में आपदा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले देहरादून जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। राज्यपाल ने सम्मानित कार्मिकों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

गौरतलब है कि 15-16 सितम्बर 2025 की रात सहस्त्रधारा-कार्लीगाड क्षेत्र में हुई भीषण वर्षा और बादल फटने की घटना ने बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न कर दी थी। घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्यों के लिए मौके पर पहुंची। इस आपदा में कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्कृष्ट कार्य किया, जिन्हें आज सम्मानित किया गया।

सम्मानित अधिकारी एवं कर्मचारी

इस अवसर पर जिन अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, उनमें शामिल हैं:

  • मुख्य विकास अधिकारी: अभिनव शाह
  • अपर जिलाधिकारी: कृष्ण कुमार मिश्रा
  • उप जिलाधिकारी: हर गिरि
  • अपर उप जिलाधिकारी (न्यायिक): कुमकुम जोशी
  • पुलिस उपाधीक्षक: मनोज कुमार असवाल
  • वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी: डॉ. एम.ए. भट्ट
  • कनिष्ठ सहायक, जिला सूचना कार्यालय: इन्द्रेश कोठारी
  • लाइनमैन, यूपीसीएल: अमन
  • कनिष्ठ अभियंता, लो०नि०वि०: प्रदीप शाही

राज्यपाल ने विशेष रूप से जिलाधिकारी देहरादून, सविन बंसल की प्रशंसा की और कहा कि कठिन परिस्थितियों में उन्होंने “फ्रंटलाइन लीडर” के रूप में न केवल प्रशासन का प्रभावी नेतृत्व किया, बल्कि टीम के साथ मिलकर उत्कृष्ट समन्वय और तत्परता का परिचय दिया।

राज्यपाल ने कहा कि आपदा प्रबंधन और पूर्व तैयारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि आपदा के समय सैनिकों, सुरक्षाबलों, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य कार्मिकों ने निस्वार्थ भाव से कार्य किया और समाज तथा राष्ट्र की सेवा के लिए अपने आराम और सुरक्षा की परवाह नहीं की। उनका यह समर्पण और त्याग समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, जिलाधिकारी सविन बंसल और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह भी उपस्थित रहे।