Badrinath Dham Kapaat Open 2026 | 15,000 Devotees Attend Opening Ceremony in Uttarakhand


चमोली, 23 अप्रैल 2026
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुले बद्रीनाथ धाम के कपाट, भक्ति और उल्लास से गूंजा वातावरण
उत्तराखंड के पवित्र बद्रीनाथ धाम के कपाट गुरुवार प्रातः 6:15 बजे विधिविधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही पूरा धाम आस्था, श्रद्धा और उत्साह के अद्भुत संगम में डूब गया। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे लगभग 15 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल एवं अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात उन्होंने मंदिर परिसर स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर एवं आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य पवित्र स्थलों पर भी विधिवत पूजा-अर्चना की।
यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, श्रद्धालुओं का किया स्वागत
मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे तीर्थयात्रियों का आत्मीय स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं पर फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और बेहतर अनुभव सुनिश्चित करने हेतु हर स्तर पर व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया गया है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से स्वच्छ एवं हरित यात्रा में सहयोग करने की अपील करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
लोक संस्कृति की छटा: जागरों और झुमैलो ने बांधा समां
कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक अवसर पर माणा एवं बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ मंदिर परिसर में झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को लोक संस्कृति और आस्था के रंगों से सराबोर कर दिया। वहीं विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।
भंडारे का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने लिया प्रसाद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम में आयोजित भंडारे का विधिवत शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा ‘मानव सेवा ईश्वर सेवा उत्थान समिति’ द्वारा संचालित विशाल भंडारे की सराहना की।
गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, बीकेटीसी के सीईओ विशाल मिश्रा, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी रविंद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





