9 और 10 साल की उम्र में माउंट किलिमंजारो फतह, CM धामी ने रियांश और प्रिशा को दी बधाई

0
5

CM Dhami Meets Young Mount Kilimanjaro Climbers | Uttarakhand

माउंट किलिमंजारो फतह करने वाले उत्तराखंड के नन्हे पर्वतारोहियों से मिले CM धामी, रियांश और प्रिशा की उपलब्धि को सराहा

CM Pushkar Singh Dhami congratulated 9-year-old Riyansh Pant and 10-year-old Prisha Rawat for successfully scaling 5,895-metre Mount Kilimanjaro.

9 और 10 साल की उम्र में 5,895 मीटर ऊंची चोटी पर फहराया तिरंगा, मुख्यमंत्री ने कहा- दोनों बच्चों ने बढ़ाया उत्तराखंड का गौरव

देहरादून। अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण करने वाले उत्तराखंड के दो नन्हे पर्वतारोहियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के 9 वर्षीय मास्टर रियांश पंत और नैनीताल की 10 वर्षीय प्रिशा रावत को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इतनी कम उम्र में 5,895 मीटर ऊंची और चुनौतीपूर्ण माउंट किलिमंजारो चोटी का सफल आरोहण करना दोनों बच्चों के साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ने की क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि रियांश और प्रिशा ने तिरंगा फहराकर न केवल अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि दर्ज की है, बल्कि उत्तराखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरवान्वित किया है।

दोनों नन्हे पर्वतारोहियों ने 22 अगस्त 2026 को माउंट किलिमंजारो का सफल आरोहण कर शिखर पर तिरंगा फहराया था। अल्मोड़ा के चीनाखान निवासी 9 वर्षीय रियांश पंत और नैनीताल जनपद के बैलपड़ाव निवासी 10 वर्षीय प्रिशा रावत ने अपनी कम उम्र में यह साहसिक उपलब्धि हासिल कर प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धरती ने हमेशा पर्वतारोहण और साहसिक गतिविधियों के क्षेत्र में प्रतिभाओं को जन्म दिया है। प्रदेश के बच्चों और युवाओं में प्रतिभा, साहस और सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है। आज उत्तराखंड के युवा पर्वतारोहण, खेल, साहसिक पर्यटन और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए उम्र नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, संकल्प और निरंतर प्रयास महत्वपूर्ण होते हैं। रियांश और प्रिशा की उपलब्धि प्रदेश के अन्य बच्चों और युवाओं को भी अपने सपनों को बड़े लक्ष्य में बदलने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें अपनी क्षमता का प्रदर्शन करने के लिए बेहतर अवसर और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों बाल पर्वतारोही भविष्य में भी इसी उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ नई ऊंचाइयों को छुएंगे।